हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित प्रीत विहार में 16 फरवरी की देर शाम एक युवती का शव फंदे से लटका मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि शव तीन दिन तक पंखे से लटका हुआ था। इस मामले में नया मोड़ आया है, जहां मृतका के भाई ने गांव के ही एक युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना गढ़मुक्तेश्वर के एक गांव निवासी युवक ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। उसने बताया कि उसकी बहन नोएडा के कासना क्षेत्र की एक निजी कंपनी में नौकरी करती थी। पिछले कई महीनों से वह दिल्ली रोड के मोहल्ला प्रीत विहार स्थित एक किराए के फ्लैट में रह रही थी। भाई के अनुसार, नौकरी के दौरान उसकी बहन का संपर्क गांव के ही एक युवक से हो गया था। आरोप है कि युवक ने उसकी बहन को प्रेमजाल में फंसाकर शादी का झांसा दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। भाई ने यह भी बताया कि आरोपी युवक करीब तीन माह से उसकी बहन के साथ रह रहा था। मृतका ने अपनी छोटी बहन को फोन पर बताया था कि आरोपी ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया है और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। 12 फरवरी को युवक ने किसी अन्य युवती से शादी कर ली थी, जिससे उसकी बहन मानसिक रूप से काफी परेशान थी। 16 फरवरी की देर शाम पुलिस ने फोन कर परिवार को युवती द्वारा आत्महत्या करने की सूचना दी। कोतवाली प्रभारी विनोद पांडेय ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आगे की कार्यवाही की जाएगी।


