शाश्वत शांति और अहिंसा के प्रवर्तक भगवान महावीर स्वामी का जन्म कल्याणक महोत्सव कल (सोमवार) मनाया जाएगा। इस अवसर पर दिगंबर जैन समाज पंचायत ट्रस्ट एवं सकल जैन समाज द्वारा प्रभात फेरी, विशाल शोभायात्रा और विभिन्न सेवा कार्यों के आयोजन किए गए हैं। महोत्सव की महत्ता और स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट द्वारा पूर्व घोषित अवकाश में संशोधन किया गया है, जिसके तहत अब 31 मार्च के स्थान पर 30 मार्च सोमवार को जिले में स्थानीय अवकाश रहेगा। जन्मोत्सव की पूर्व बेला में रविवार को आचार्य श्री विद्यासागर गौशाला में आनंद उत्सव मेला का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें गुना कलेक्टर किशोर कन्याल ने शिरकत कर गौसेवकों का सम्मान किया। आज के धार्मिक कार्यक्रम, भक्ति और सेवा का संगम
आचार्यश्री विद्यासागरजी महाराज एवं आचार्यश्री समयसागरजी महाराज के शुभाशीष से सोमवार को मुख्य समारोह श्री पाश्र्वनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में आयोजित होगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6 बजे प्रभात फेरी से हुई, जिसके पश्चात सामूहिक अभिषेक और शांतिधारा संपन्न की गई। सुबह 8:15 बजे बड़े मंदिर जी से भगवान महावीर की भव्य शोभायात्रा (चल समारोह) प्रारंभ होगी। समाज के अध्यक्ष संजय जैन (कामिनी) और महामंत्री अनिल जैन (अंकल) ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक हितिका वसल शामिल होंगी। उन्होंने अपील की कि चल समारोह की भव्यता बढ़ाने के लिए पुरुष वर्ग सफेद गणवेश और महिलाएं केसरिया साड़ी में शामिल हों। इस बार जन्मोत्सव पर सेवा कार्यों को विशेष प्राथमिकता दी गई है। सुबह 11 बजे सेवा भारती में भोजन वितरण, दोपहर 2 बजे समयोदय विद्या गौ सेवा द्वारा गौशाला में गऊग्रास चारा वितरण और शाम 6 बजे वीर शासन ग्रुप द्वारा वृद्धाश्रम में भोजन कराया जाएगा। रात्रि में न्यू युवा भक्तामर आरती मंडल द्वारा महाआरती और श्री शांतिनाथ बाजार मंदिर पर महावीर गाथा 5.0 नाटिका का मंचन होगा। गौशाला प्रांगण में बिखरी सांस्कृतिक छटा
इससे पहले रविवार को समयोदय विद्या गौ सेवा समिति के तत्वाधान में आयोजित आनंद उत्सव मेला 2026 शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। टेकरी रोड स्थित गौशाला में दोपहर 12 बजे से देर रात तक चले इस मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। शाम को कलेक्टर किशोर कन्याल कार्यक्रम में पहुंचे, जहां उन्होंने गौसेवा के प्रकल्पों का अवलोकन किया और निस्वार्थ भाव से गौवंश की रक्षा में जुटे गौसेवकों को सम्मानित किया। मेले में पाठशाला परिवार एवं विभिन्न संस्थाओं द्वारा लगाए गए स्वादिष्ट खान-पान के स्टॉल, बच्चों के लिए झूले और ओपन माइक प्रतियोगिता ने समां बांध दिया। प्रतिभागियों ने गायन, नृत्य, मिमिक्री और कविता पाठ के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण महा लकी ड्रा रहा, जिसमें विजेताओं को टीवी, कूलर और इंडक्शन चूल्हा जैसे आकर्षक उपहार प्रदान किए गए। समाज ने सभी नगरवासियों से अपील की कि वे अपने घरों और दुकानों के सामने रंगोली बनाकर भगवान महावीर की अगवानी करें।


