अस्पताल में मदद करने के बहाने मोबाइल और नगदी लूटे:विदिशा में गार्ड की नौकरी दिलाने का बोला; अधिकारी से बात कराने फोन लिया, भागा

अस्पताल में मदद करने के बहाने मोबाइल और नगदी लूटे:विदिशा में गार्ड की नौकरी दिलाने का बोला; अधिकारी से बात कराने फोन लिया, भागा

विदिशा के जिला अस्पताल परिसर में एक बुजुर्ग से मोबाइल और नकदी की ठगी का मामला सामने आया है। बीना के खिमलासा निवासी हरिराम, जो पिछले कुछ दिनों से मेडिकल कॉलेज में भर्ती थे, सिटी स्कैन जांच के लिए जिला अस्पताल पहुंचे थे। ठग ने उनके अकेलेपन का फायदा उठाया। अस्पताल परिसर में ही रामबाबू नामक एक युवक ने हरिराम से बातचीत शुरू की। उसने मदद का आश्वासन दिया और सहानुभूति जताते हुए गार्ड की नौकरी दिलाने का लालच दिया। युवक ने हरिराम से कहा कि वह किसी अधिकारी से बात करवा देगा और इसी बहाने उनका मोबाइल अपने हाथ में ले लिया। आरोपी ने मोबाइल पर किसी अधिकारी से बात करने का नाटक किया। इसके बाद उसने नौकरी लगवाने की प्रक्रिया शुल्क और रिचार्ज के नाम पर हरिराम से 500 रुपये भी ले लिए। कुछ देर बाद मौका पाकर वह हरिराम का मोबाइल लेकर फरार हो गया। जब तक हरिराम को ठगी का एहसास हुआ, तब तक आरोपी भीड़ में गायब हो चुका था। ठगी के बाद हरिराम के पास घर लौटने तक के पैसे नहीं बचे थे। उन्होंने मीडियाकर्मियों की मदद से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, मोबाइल की पूरी जानकारी और बिल न होने के कारण अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं हो पाई है। अस्पताल परिसर में हुई इस घटना ने मरीजों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करने की बात कही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *