Punjab और Haryana में मनाया गया लोहड़ी का त्योहार

पंजाब और हरियाणा में मंगलवार को लोहड़ी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। उत्सव के अहम हिस्से के तौर पर लकड़ी और उपलों से अलाव जलाए गए, जबकि परिवारों ने मशहूर लोकगीत ‘सुंदर मुंदरिए हो’ की धुन पर नृत्य किया।

पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने आज शाम यहां लोक भवन में एक कार्यक्रम की मेजबानी की, जिसमें हरियाणा के राज्यपाल और दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

दिनभर क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना रहा, इस दौरान कई स्थानों पर पुरुषों और महिलाओं ने भांगड़ा और गिद्दा किया तथा लोकगीत गाए। लोगों ने ढोल की थाप पर नृत्य कर भी त्योहार का जश्न मनाया।
उत्सव के दौरान लोग मूंगफली, गुड़, रेवड़ी और अन्य पारंपरिक व्यंजनों का आदान-प्रदान करते हैं।

लोहड़ी का पंजाब में विशेष महत्व है, जहां परिवार नवविवाहितों और नवजात शिशुओं की पहली लोहड़ी भी धूमधाम से मनाते हैं।
इसी बीच, पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया और हरियाणा के राज्यपाल असीम कुमार घोष तथा दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री भगवंत मान और नायब सिंह सैनी ने इस शुभ अवसर पर नागरिकों को शुभकामनाएं और बधाई दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *