रायगढ़ में 2 रात में 2 बैंक के ताले टूटे:चोर कैश चोरी करने में रहे नाकाम, CCTV कैमरे को तोड़कर DVR ले भागे

रायगढ़ में 2 रात में 2 बैंक के ताले टूटे:चोर कैश चोरी करने में रहे नाकाम, CCTV कैमरे को तोड़कर DVR ले भागे

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में 2 रात में दो बैंकों के ताले टूट गए। दोनों ही अलग-अलग मामलों में चोरी करने में चोर नाकाम रहे। बीती रात पंजाब नेशनल बैंक का चैनल गेट का ताला तोड़ा गया, लेकिन पुलिसकर्मियों के पहुंच जाने पर आरोपी वहां से भाग निकले। हालांकि बैंक के CCTV कैमरा को क्षतिग्रस्त करते हुए DVR ले भागे हैं। मामला जूटमिल थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक जूटमिल पुलिस नाईट गश्त के दौरान पेट्रोलिंग में लगे आरक्षक परमानंद पटेल व समीर बेक अपने निजी वाहन से कोड़ातराई स्थित बैंक की ओर जा रहे थे। तभी पटेलपाली स्थित पंजाब नेशनल बैंक के बाहर एक संदिग्ध चार पहिया वाहन खड़ी दिखाई दी और बैंक की लाइट बंद होने से उन्हें संदेह हुआ। ऐसे में दोनों आरक्षक तत्काल बैंक की ओर पहुंचे। पुलिसकर्मियों को आता देख बाहर खड़ी गाड़ी को ड्रायवर ने स्टार्ट किया, तभी बैंक की ओर से एक व्यक्ति भागते हुए आकर वाहन में बैठा और तेजी से शहर की ओर वे फरार हो गए। स्थिति को देखते हुए आरक्षकों ने तत्काल जूटमिल थाना प्रभारी व पेट्रोलिंग में लगे प्रधान आरक्षक रामनाथ बनर्जी को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम रायफल के साथ घेराबंदी के लिए मौके पर पहुंच गई।
CCTV कैमरो को क्षतिग्रस्त कर दिया
जहां प्रारंभिक जांच में पता चला कि अज्ञात आरोपियों द्वारा बैंक का चैनल गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया था। आरोपियों ने बैंक के दो DVR निकाल लिए हैं, बाहरी CCTV कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया है। साथ ही बैंक के चेस्ट और लॉकर से लगी दीवार को तोड़ने का प्रयास किया गया है, हालांकि पुलिस की कार्रवाई के कारण आरोपी अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए।
नगद पुरस्कार देने की घोषणा
पूरे घटनाक्रम में जूटमिल पुलिस की सतर्कता, सूझबूझ और त्वरित रिस्पॉन्स के चलते एक बड़ी बैंक लूट की घटना को समय रहते विफल कर दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने थाना प्रभारी जूटमिल सहित पूरी टीम की कार्यशैली की सराहना करते हुए उनके उत्साहवर्धन के लिए नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
इससे पहले ग्रामीण बैंक का ताला टूटा
इससे पहले रविवार की सुबह ग्रामीण बैंक का ताला टूटने का मामला सामने आया था। जिसमें ग्राम खम्हार के ग्रामीण बैंक में चोर चोरी करने पहुंचे थे। जहां भी लॉकर नहीं खुलने से कैश रकम चोरी नहीं होने की बात कही जा रही थी, लेकिन यहां भी चोरों ने बैंक में CCTV डीवीआर को साथ ले गए। घटना के बाद मामले की सूचना पर धरमजयगढ़ पुलिस ने अपराध दर्ज किया था।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *