ललितपुर जिले में पाली-राजगढ़ मार्ग पर शनिवार शाम एक लोडिंग टैक्सी अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में महिलाओं और बच्चों सहित 18 लोग घायल हो गए। सभी घायल एक तेरहवीं कार्यक्रम से लौट रहे थे। यह घटना राजगढ़ और पाली के बीच हुई। थाना जाखलौन के ग्राम पटौरा खुर्द निवासी 35 लोग, जिनमें पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल थे, पाली थाना क्षेत्र के ग्राम राजगढ़ में एक तेरहवीं में शामिल होने गए थे। शाम को घर लौटते समय उनकी लोडिंग टैक्सी पलट गई। टैक्सी पलटने से उसमें सवार सभी लोग नीचे गिर गए और कुछ लोग टैक्सी के नीचे दब गए। सूचना मिलते ही पाली पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से बिरधा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरधा में प्राथमिक उपचार के बाद, कुछ गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। कुल 18 लोग घायल हुए, जिनमें से कुछ को मामूली चोटें आईं। घायलों में विमला (60), भगवती (45), रामप्यारी (50) और हरकुंवर (35) सहित अन्य लोग शामिल हैं। पाली थानाध्यक्ष ने बताया कि लोडिंग टैक्सी पलटने से 18 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।


