कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र के सजेती थाना क्षेत्र में मारपीट का एक कथित लाइव वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। सोमवार देर शाम वायरल हुए इस वीडियो में दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद हाथापाई होती दिखाई दे रही है। वीडियो में देखा जा सकता है कि पहले दो युवक आपस में मारपीट करते हैं। इसी दौरान एक महिला मौके पर पहुंचती है और बीच-बचाव करने की कोशिश करती है, लेकिन हालात बिगड़ने पर वह भी एक युवक के साथ हाथापाई करती नजर आती है। घटनास्थल को सजेती थाना क्षेत्र के बारीपाल गांव का बताया जा रहा है।
हालांकि, वायरल वीडियो की दैनिक भास्कर पुष्टि नहीं करता है। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि किसी पुराने विवाद या आपसी रंजिश को लेकर झगड़ा हुआ, लेकिन वास्तविक कारण पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र के लोगों ने कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वीडियो में आसपास भीड़ इकट्ठा होती दिखाई दे रही है, लेकिन किसी के द्वारा तुरंत हस्तक्षेप कर विवाद शांत कराने का स्पष्ट दृश्य नहीं है। सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में है। प्राथमिक जांच शुरू कर दी गई है और वीडियो की सत्यता के साथ-साथ संबंधित व्यक्तियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि मारपीट की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।


