खरगोन पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की है। खलटांका पुलिस ने नाकाबंदी कर एक बोलेरो पिकअप वाहन से 5 लाख रुपए से अधिक की अवैध शराब जब्त की है। इस मामले में बिहार के एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने वाहन से कुल 170 पेटियों में 1980 लीटर अवैध देशी और विदेशी शराब बरामद की है। जब्त की गई शराब में 150 पेटी बीयर और 20 पेटी देशी प्लेन शराब शामिल है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 5 लाख 7 हजार रुपए बताई गई है। इसके अतिरिक्त, शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही 8 लाख रुपये कीमत की बोलेरो पिकअप को भी जब्त कर लिया गया है। टीम पानवा भेजी गई एडिशनल एसपी शकुंतला रूहल ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर तत्काल एक टीम पानवा के आगे भेजी गई, जहां नाकाबंदी की गई। वाहनों की चेकिंग के दौरान आरोपी विकास पिता उपेंद्रसिंह चंद्रवंशी को गिरफ्तार किया गया। विकास मूल रूप से औरंगाबाद, बिहार का निवासी है और वर्तमान में दावलबेड़ी, थाना सेंधवा, जिला बड़वानी में रहता है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 61/26 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34 (2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी से आगे की पूछताछ जारी है और मामले की विवेचना की जा रही है।


