बिरला मंदिर के पास शराब दुकान खुली:स्थानीय लोगों और महिलाओं ने किया विरोध, पुलिस मौके पर पहुंची

बिरला मंदिर के पास शराब दुकान खुली:स्थानीय लोगों और महिलाओं ने किया विरोध, पुलिस मौके पर पहुंची

मथुरा के गोविंद नगर क्षेत्र में बिरला मंदिर के पास एक नई शराब की दुकान खुलने पर विवाद खड़ा हो गया है। बुधवार को दुकान के पहले ही दिन स्थानीय लोगों, विशेषकर महिलाओं ने भारी विरोध प्रदर्शन किया। आबकारी विभाग द्वारा नए वित्तीय वर्ष के तहत शराब की दुकानों का नया आवंटन किया गया है। इसी क्रम में बंगाली कॉलोनी में स्थित एक शराब की दुकान को स्थानांतरित कर बिरला मंदिर के समीप खोला गया है। मंदिर के पास दुकान खुलने की जानकारी मिलते ही क्षेत्रवासियों में नाराजगी फैल गई। शाम करीब पौने सात बजे दर्जनों महिलाएं और पुरुष दुकान के बाहर एकत्रित हुए। उन्होंने नारेबाजी करते हुए दुकान को तुरंत अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि मंदिर के पास शराब की दुकान खुलने से धार्मिक भावनाएं आहत होंगी और क्षेत्र का माहौल भी खराब होगा। विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलने पर बिरला मंदिर चौकी प्रभारी अजीत मलिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। प्रदर्शनकारियों ने चौकी प्रभारी को एक ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें दुकान को दूसरी जगह ले जाने की मांग की गई थी। चौकी प्रभारी अजीत मलिक ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि उनकी मांग को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। इसके बाद प्रदर्शनकारी शांत होकर वापस लौट गए। हालांकि, इस मुद्दे को लेकर क्षेत्र में अभी भी तनाव की स्थिति बनी हुई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *