Lips White Spots: कई बार लोगों को होंठों के किनारों या ऊपर छोटे-छोटे सफेद या हल्के पीले रंग के दाने दिखाई देते हैं। इन्हें देखकर अक्सर लोग घबरा जाते हैं और सोचते हैं कि कहीं यह कोई बीमारी या इंफेक्शन तो नहीं है। लेकिन ज्यादातर मामलों में यह दाने बिल्कुल सामान्य होते हैं और किसी गंभीर समस्या का संकेत नहीं होते।
डॉक्टरों के मुताबिक इन छोटे दानों को फोर्डाइस स्पॉट्स (Fordyce Spots) कहा जाता है। यह असल में त्वचा में मौजूद छोटी-छोटी ऑयल ग्लैंड्स यानी तेल ग्रंथियां होती हैं, जो कुछ लोगों में साफ दिखाई देने लगती हैं।
क्या होते हैं फोर्डाइस स्पॉट्स?
जर्नल डायग्नोस्टिक्स में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार फोर्डाइस स्पॉट्स छोटे-छोटे सफेद या पीले रंग के दाने होते हैं, जो आमतौर पर होंठों के किनारों, होंठों के अंदर या गाल के अंदर दिखाई देते हैं। कई बार ये दाने बहुत छोटे होते हैं, लगभग 1 से 3 मिलीमीटर के। ये दाने दर्द नहीं करते, इनमें खुजली नहीं होती और न ही इनमें किसी तरह की जलन होती है। अक्सर ये दाने किशोरावस्था या युवावस्था में दिखाई देने लगते हैं। ऐसा मुख्य रूप से हार्मोन में होने वाले बदलावों की वजह से होता है।
क्या ये छूने से फैलते हैं?
जब लोगों को होंठों पर ऐसे सफेद दाने दिखाई देते हैं, तो सबसे बड़ा डर यही होता है कि कहीं यह कोई संक्रामक बीमारी या यौन रोग (STD) तो नहीं है। लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि फोर्डाइस स्पॉट्स किसी भी तरह का इंफेक्शन नहीं होते। ये न तो वायरस से होते हैं, न बैक्टीरिया से और न ही किसी के संपर्क में आने से फैलते हैं। इसलिए इन्हें छूने या संपर्क में आने से किसी दूसरे व्यक्ति को यह समस्या नहीं होती।
ये दाने क्यों दिखाई देते हैं?
असल में हमारे शरीर की त्वचा में तेल बनाने वाली ग्रंथियां होती हैं। आमतौर पर ये त्वचा के अंदर ही रहती हैं और दिखाई नहीं देतीं।लेकिन कुछ लोगों में ये ग्रंथियां त्वचा की सतह के करीब होती हैं, इसलिए होंठों की पतली त्वचा पर ये छोटे-छोटे दानों की तरह दिखाई देने लगती हैं। हार्मोनल बदलाव और जेनेटिक कारण भी इन्हें ज्यादा दिखाई देने का कारण हो सकते हैं।
कब डॉक्टर से मिलना जरूरी है?
फोर्डाइस स्पॉट्स आमतौर पर पूरी तरह सुरक्षित होते हैं और किसी इलाज की जरूरत नहीं होती। लेकिन अगर इन दानों में अचानक बदलाव दिखाई दे, जैसे:
- दाने में दर्द होना
- दाने का तेजी से बढ़ना
- खून आना
- पपड़ी बनना
तो ऐसे में डॉक्टर से जांच करवाना जरूरी है। कई बार कुछ दूसरी त्वचा संबंधी समस्याएं भी ऐसे ही दिखाई दे सकती हैं।
क्या इनका इलाज संभव है?
चूंकि फोर्डाइस स्पॉट्स नुकसानदायक नहीं होते, इसलिए आमतौर पर इलाज की जरूरत नहीं होती। लेकिन अगर ये ज्यादा दिखाई देते हैं और किसी को इससे कॉस्मेटिक परेशानी हो रही हो, तो त्वचा विशेषज्ञ कुछ इलाज सुझा सकते हैं। इनमें क्रीम, लेजर ट्रीटमेंट या छोटे मेडिकल प्रोसीजर शामिल हो सकते हैं। एक बात का खास ध्यान रखना जरूरी है कि इन दानों को खुद से दबाने या फोड़ने की कोशिश बिल्कुल नहीं करनी चाहिए। ऐसा करने से त्वचा में जलन या इंफेक्शन हो सकता है।


