बुरहानपुर में बुधवार को बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। केंद्र सरकार की आरडीएसएस योजना के तहत नवीन 33/11 केवी मंडी उपकेंद्र के निर्माण और आवश्यक रखरखाव कार्यों के कारण शहर के कई इलाकों में चार घंटे तक बिजली बंद रहेगी। 33/11 केवी मंडी उपकेंद्र के निर्माण हेतु 33 केवी लाइन पर कार्य किया जा रहा है। इस कारण 11 केवी मंडी फीडर से सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक विद्युत प्रदाय बंद रहेगा। इससे शनवारा गेट, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, उर्दू स्कूल, लोहार मंडी क्षेत्र, खानभाई आइस फैक्ट्री, साड़ी बाजार, सब्जी मंडी, सुभाष चौक, मिलन चौराहा, दीदार टॉवर, फव्वारा चौक, सिटी कोतवाली और अंडा बाजार जैसे क्षेत्र प्रभावित होंगे। नवीन उपकेंद्र के निर्माण से भविष्य में विद्युत उपभोक्ताओं को सुचारु रूप से बिजली मिलेगी और बार-बार होने वाले विद्युत व्यवधानों में सुधार होगा। इसी दिन बुधवार को 11 केवी एक्सप्रेस फीडर का भी आवश्यक रखरखाव कार्य किया जाएगा। इसके चलते दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक कैलाशपति टेक्सटाइल और उद्योग नगर स्थित सभी एलटी औद्योगिक उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।


