सोशल-मीडिया पर चिट्ठी, बंगले पर पेशी, फिर अंदर की बात:लेटर वाली मैडम की CM हेल्पलाइन पर शिकायत, सरपंच बोले- अध्यक्ष पति कर रहे ब्लैकमेल

सोशल-मीडिया पर चिट्ठी, बंगले पर पेशी, फिर अंदर की बात:लेटर वाली मैडम की CM हेल्पलाइन पर शिकायत, सरपंच बोले- अध्यक्ष पति कर रहे ब्लैकमेल

खंडवा जिला पंचायत की अध्यक्ष पिंकी वानखेड़े, जो सोशल मीडिया पर चिट्ठियां पोस्ट कर अफसरों और पंचायतों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाती रही हैं, अब खुद विवादों के घेरे में आ गई हैं। गांव-गांव जाकर निरीक्षण के बाद शिकायती पत्र लिखने वाली अध्यक्ष पर अब सरपंचों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप सीधे अध्यक्ष पति सुदेश वानखेड़े पर हैं पैसे मांगने, दबाव बनाने और बदनामी की धमकी देने के। सरपंचों ने सीएम हेल्पलाइन पर बाकायदा शिकायत दर्ज कराई है और सबूत के तौर पर फोन पर हुई बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सौंपी है। उधर, मामला सामने आने के बाद सवाल उठ रहे हैं कि मैडम निरीक्षण के दौरान मिली कथित खामियों पर तत्काल कार्रवाई करने की बजाय, उन्हें हफ्तों बाद सोशल मीडिया पर पत्र के जरिए क्यों उजागर करती हैं। इतना ही नहीं, इसका बकायदा स्मरण पत्र भी जारी करती हैं। अब अध्यक्ष के पत्र और सरपंचों के आरोप आमने-सामने हैं। अब जान लीजिए, अध्यक्ष के लेटर और सरपंचों के आरोप… भवन निर्माण में खामी बताकर 50 हजार रुपए मांगे खंडवा जनपद पंचायत के तहत आने वाली ग्राम पंचायत ढ़ोढ़वाड़ा के सरपंच पति धरमचंद सावनेर ने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत की। 27 दिसंबर को हुई शिकायत में सरपंच पति ने आरोप लगाया कि, उनके यहां ग्राम पंचायत भवन का निर्माण 36 लाख रुपए की लागत से किया जा रहा है। नवंबर महीने में जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी वानखेड़े ने दौरा किया था। आरोप है कि घटिया मटेरियल बताकर 50 हजार रुपए की डिमांड की गई। सचिव को 10 हजार रुपए लेकर उनके बंगले पर भेजा तो अध्यक्ष ने मना कर दिया। कहा कि 50 हजार रुपए लेकर आओ। जब सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत की तो दो दिन बाद 29 दिसंबर को अध्यक्ष ने एक शिकायती पत्र सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जिसमें ग्राम पंचायत भवन के निर्माण में अनियमितता बताई गई और मामले की शिकायत लोकायुक्त और पंचायत मंत्री से की गई। दूसरी शिकायत – सरपंच ने शिकायत के साथ ऑडियो बताया दूसरा, मामला शहर से सटी ग्राम पंचायत नाहल्दा का है। यहां सरपंच पति अजय ठाकुर ने भी रुपए के लेनदेन संबंधी शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर की है। उन्होंने कहा कि, अध्यक्ष पति सुदेश वानखेड़े के द्वारा लगातार दबाव बनाया जाता है। कहा जाता है कि डिमांड पूरी करो, वरना पंचायत को बदनाम कर दूंगा। जांच बैठ गई तो नुकसान हो जाएगा। अजय ठाकुर ने फोन पर बातचीत का एक ऑडियो भी शिकायत के साथ सौंपा है। ऑडियो के अनुसार, अध्यक्ष पति सुदेश वानखेड़े ने अजय ठाकुर को फोन किया और कहा- तुमने पंचायत में कई फर्जीवाड़े किए हैं, जिसका प्रतिवेदन बन चुका है। तुम अपने वाले हो, इसलिए जल्दी खंडवा आकर मेरे निवास पर मुझसे मिलो। मुझे शाम को बाहर निकलना है, यदि तुमने देर कर दी तो प्रतिवेदन सोशल मीडिया पर डल दिया जाएगा। अभी तो मैंने रुकवाकर रखा है। नाहल्दा के सरपंच पति अजय ठाकुर और जिपं अध्यक्ष पति सुदेश वानखेड़े की बातचीत के अंश… लेटर वाली मैडम के नाम से मशहूर खंडवा जिला पंचायत की अध्यक्ष पिंकी वानखेड़े ने अपने नाम से सोशल मीडिया पर अकाउंट बनाकर रखा है। वह इस पर रोजाना चार से पांच लेटर शेयर करती हैं। यही वजह है कि, सत्ता और प्रशासन के बीच वह लेटर वाली मैडम के नाम से मशहूर हो गई हैं। उनके शिकायती पत्रों में पंचायत मंत्री से लेकर संभाग आयुक्त तक का जिक्र होता है। भाषा शैली आदेशात्मक होती है। इतना ही नहीं शिकायती लेटर पर कोई एक्शन नहीं होने पर सोशल मीडिया पर ही स्मरण पत्र भी जारी कर दिया जाता है। प्रोटोकॉल का हवाला देकर जनपद सीईओ की शिकायत की 1 जनवरी को खंडवा जनपद पंचायत भवन के निर्माण के लिए भूमिपूजन हुआ। कार्यक्रम में जिले के सभी जनप्रतिनिधियों को बुलाया गया। सांसद, विधायक के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी वानखेड़े भी पहुंचीं। निमंत्रण कार्ड से लेकर भूमिपूजन के शिलालेख में अध्यक्ष का नाम चौथे नंबर पर था। उनसे पहले सांसद, विधायक और भाजपा जिलाध्यक्ष का नाम था। इसी बात पर वे नाराज हो गईं और प्रोटोकॉल का हवाला देकर प्रभारी जनपद सीईओ निकिता मंडलोई (संयुक्त कलेक्टर) की शिकायत संबंधी पत्र जारी कर दिया। मामले में 15 दिन के भीतर 3 बार स्मरण पत्र भी जारी कर चुकी हैं। निवास पर बुलाने पर कहा- बतौर जनप्रतिनिधि लोग आते हैं सरपंचों ने शिकायत में कहा कि अध्यक्ष और उनके पति सहित पीए द्वारा उनके निवास पर बुलाया जाता है, जहां उनसे पैसों की डिमांड की जाती है। इस पर अध्यक्ष पिंकी वानखेड़े ने कहा कि सभी आरोप निराधार हैं। ये लोग जमीनी स्तर पर काम नहीं करते हैं। ग्रामीणों की शिकायत पर हम लोग मौका मुआयना करते हैं। दूसरा निवास पर बुलाने की बात है तो वही लोग बतौर जनप्रतिनिधि यहां आते हैं। हम लोग तो चाय-पीने पिलाकर सत्कार करते हैं, लेकिन वे बाहर जाकर क्या कहते हैं, यह तो उनकी ईमानदारी जाने। बराबर वोट मिले, वानखेड़े पर्ची से अध्यक्ष बनी थीं दरसअल, भाजपा शासित जिला पंचायत में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पर्ची से चुने गए हैं। वोटिंग के दौरान भाजपा के पास बहुमत होने के बावजूद भाजपा प्रत्याशी और कांग्रेस प्रत्याशियों को बराबर वोट मिले। इसके बाद पर्ची से ड्रॉ किया गया, किस्मत ऐसी रही कि इन पर्चियों में बीजेपी प्रत्याशियों के नाम निकले। जिला पंचायत में पिंकी वानखेड़े अध्यक्ष और मंत्री विजय शाह के बेटे दिव्यादित्य शाह उपाध्यक्ष हैं। जिपं अध्यक्ष पति वानखेड़े बोले- लेन-देन संबंधी आरोप निराधार अध्यक्ष पति सुदेश वानखेड़े का कहना है कि, पैसे के लेन-देन संबंधी आरोप निराधार हैं। फोन पर तो जमाने की बातें होती हैं। नाहल्दा गांव में निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष को कई खामियां मिली थीं। सरपंच पति का कहना था कि मामले की उच्च स्तर पर शिकायत न हो। मेरे द्वारा उन्हें घर बुलाने का उद्देश्य यह था कि उन्हें समझाते कि जो भी काम है, उन्हें गुणवत्तापूर्ण तरीके से करो और आगे जो भी काम होंगे, वह भी ठीक से हों। जांच अधिकारी बोलीं- मामले में अफसरों का मार्गदर्शन मांगा है इधर, ढोढ़वाड़ा ग्राम पंचायत के सरपंच पति की सीएम हेल्पलाइन की शिकायत पर जांच अधिकारी व उपयंत्री राबिया मंसूरी का कहना है कि, शिकायत मिली है, फिलहाल इस मामले में उच्च अधिकारियों से मार्गदर्शन मांगा है, क्योंकि यह शिकायत न तो टेक्निकली है और न ही किसी विभाग से संबंधित है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *