कदरी मंजूनाथ मंदिर के पास तेंदुए की हलचल

कदरी मंजूनाथ मंदिर के पास तेंदुए की हलचल

मेंगलूरु Mengaluru के कदरी मंजूनाथ मंदिर के पास स्थित डॉक्टर्स कॉलोनी में एक तेंदुआ Leopard देखे जाने से इलाके में चिंता का माहौल बन गया। यह घटना 23 फरवरी की रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। कॉलोनी के मुख्य द्वार के सामने तेंदुए की आवाजाही सीसीटीवी कैमरों में स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हुई है। दो अलग-अलग कैमरों में कैद फुटेज में तेंदुआ सड़क पर शांतिपूर्वक चलता हुआ दिखाई दिया और फिर अंधेरे में ओझल हो गया।

वीडियो वायरल

घटना दो दिन पहले की हैं, लेकिन वीडियो वायरल Video Viral होने के बाद इसकी जानकारी तेजी से इलाके में फैल गई, जिससे घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में सुरक्षा और वन्यजीवों की आवाजाही को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। कदरी क्षेत्र मुख्य रूप से पक्की इमारतों, बड़े अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स और विला-शैली के मकानों से घिरा हुआ है। मंदिर के ऊपर एक छोटे से वन क्षेत्र को छोड़कर यहां हरित क्षेत्र बेहद सीमित है। ऐसे में इतने विकसित शहरी इलाके में तेंदुए की मौजूदगी ने स्थानीय लोगों को हैरान कर दिया है।

सुरक्षा को लेकर चिंता

डॉक्टर्स कॉलोनी के एक निवासी ने बताया कि इलाके में आवारा कुत्ते तो हैं, लेकिन तेंदुए के लिए प्राकृतिक शिकार बहुत कम है। उन्होंने कहा, शहर के बीचोंबीच इतने बड़े जंगली जानवर को देखना चौंकाने वाला है। हमें सुबह जल्दी बाहर निकलने वाले बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता है।हालांकि, सीसीटीवी फुटेज CCTV Footage वायरल होने के बावजूद वन विभाग में अब तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि वे सोशल मीडिया और स्थानीय नेटवर्क पर चल रही सूचनाओं से अवगत हैं और स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। फिलहाल इस घटना से जुड़ी किसी भी तरह की चोट या पशुओं के नुकसान की सूचना नहीं है।

सतर्क रहने की सलाह

वन विभाग ने लोगों से घबराने की जरूरत नहीं बताते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। निवासियों से कहा गया है कि देर रात या तडक़े अकेले बाहर न निकलें, घरों के आसपास पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था रखें और तेंदुए की दोबारा मौजूदगी दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचित करें। पालतू पशु मालिकों को भी एहतियात के तौर पर रात में अपने जानवरों को घर के अंदर रखने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *