सिवनी जिले के बरघाट क्षेत्र के ग्राम गांगपुर में गुरुवार देर रात एक 16 वर्षीय नाबालिग पर तेंदुए ने हमला कर दिया। परिजनों की सतर्कता से उसकी जान बच गई। जानकारी के अनुसार सोनू परते नामक नाबालिग अपने घर के आंगन में सो रहा था। देर रात एक तेंदुआ वहां पहुंचा और दबोचकर खींचने का प्रयास किया। तेंदुए के हमले से घबराकर सोनू ने चिल्लाना शुरू कर दिया। उसकी आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य जाग गए और शोर मचाया। इसके बाद तेंदुआ नाबालिग को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। इस हमले में सोनू परते घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, यह क्षेत्र में तेंदुए के हमले की पहली घटना नहीं है। बीते कुछ दिनों से इस क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियां बढ़ी हैं। गांव में बकरियों और कुत्तों पर भी हमले हुए हैं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में चिंता बढ़ गई है। नियमित गश्त बढ़ाने की मांग बरघाट निवासी देवेंद्र ठाकुर सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से रात में नियमित गश्त करने और वन विभाग से तेंदुए की निगरानी कर उसे सुरक्षित जंगल में वापस भेजने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में बड़ी जनहानि हो सकती है। उन्होंने आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल प्रभावी उपाय करने की अपील की है।


