संभल की गुन्नौर तहसील में तैनात लेखपाल अजयपाल सिंह का रविवार-सोमवार की मध्यरात्रि नोएडा के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वह बबराला से गुन्नौर जाते समय बदायूं रोड पर एक बैलगाड़ी से हुई टक्कर में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उक्त घटना रविवार दोपहर की है। अजयपाल सिंह अपनी बाइक से बबराला से गुन्नौर जा रहे थे। बदायूं रोड पर उनकी बाइक की सामने से आ रही एक बैलगाड़ी से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद अजयपाल सिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। लेखपाल को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए अलीगढ़ रेफर कर दिया। परिजन बाद में उन्हें नोएडा के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। सोमवार दोपहर 3 बजे नोएडा में पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को उनके पैतृक गांव नंदरोली लाया गया। लेखपाल के निधन की सूचना मिलते ही परिजनों में गहरा शोक छा गया। तहसील और राजस्व विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों में भी शोक की लहर दौड़ गई। तहसीलदार रविन्द्र विक्रम सिंह ने लेखपाल अजयपाल सिंह के निधन पर दु:ख व्यक्त किया। उन्होंने इसे विभाग के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया और कहा कि विभाग इस दुख की घड़ी में मृतक के परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने यह भी बताया कि विभागीय नियमों के अनुसार मृतक के आश्रित को समायोजन देने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।


