जिस इंदौर क्रिश्चियन कॉलेज में ख्यात गायक और एक्टर किशोर कुमार पढ़े हैं, उसकी लीज जिला प्रशासन ने रद्द कर दी है। मामला पिछले 10 सालों से अलग-अलग कोर्ट और फोरम में चल रहा था। कलेक्टर शिवम वर्मा ने जारी आदेश में कहा कि जिस उद्देश्य से जमीन दी गई थी, वह उद्देश्य अब नहीं रहा। इसलिए जमीन का आवंटन रद्द कर इसे शासकीय घोषित किया जाता है। साथ ही जूनी इंदौर तहसीलदार को अगले तीन दिन में जमीन पर कब्जा लेने के आदेश भी दिए गए है। कलेक्टर ने आदेश में कहा कि तथ्यों, कॉलेज द्वारा प्रस्तुत जवाब, लिखित तर्क और सभी दस्तावेजों के परीक्षण से साबित होता है कि जमीन महारानी भागीरथी बाई होलकर ने सशर्त मिशन को दी थी। वर्तमान में मिशनरी अस्तित्व में नहीं है और मौके पर महिला हॉस्पिटल भी नहीं है। प्राचार्य डॉ. अमित डेविड के द्वारा दी गई टीएंडसीपी अनुमति से भी प्रमाणित होता है कि मूल उद्देश्य से संस्था भटक चुकी है। यह है मामला : 1.702 हेक्टेयर भूमि पर क्रिश्चियन कॉलेज है। वर्ष 1887 में महारानी भागीरथी बाई द्वारा कैनेडियन मिशन को महिला अस्पताल और स्कूल के संचालन के लिए दी थी। साल 2015 में जब प्रबंधन ने व्यवसायिक निर्माण की अनुमति मांगी तब मामला खुला। आगे क्या : एसडीएम प्रदीप सोनी के मुताबिक अब जमीन का कब्जा लिया जाएगा। अभी कॉलेज चल रहा है, इसलिए छात्रों के भविष्य को देखते हुए इस पर निर्णय कलेक्टर ही करेंगे। जमीन के आगे के उपयोग पर भी प्रशासन ही निर्णय करेगा। भास्कर इनसाइट केंद्रीय मंत्री, विधायक और दिग्गज नेता पढ़े हैं यहां


