सिटी रिपोर्टर }शहर की रचनात्मक धड़कनों को मंच देते हुए दो दिवसीय जयपुर क्राफ्ट फेस्टिवल 2026 का समापन उत्साह और सहभागिता के साथ हुआ। पालथी कैफे में आयोजित इस फेस्टिवल में हस्तशिल्प, आर्टवर्क, वर्कशॉप और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को एक साझा स्पेस में प्रस्तुत किया गया। फेस्टिवल में आर्टिस्ट वॉल युवा कलाकारों के लिए खुला मंच बनी। प्रदर्शित आर्टवर्क के माध्यम से कलाकारों ने अपनी प्रेरणा और क्रिएटिव प्रोसेस दर्शकों से साझा की। लाइव क्राफ्ट स्टेशन पर फ्लावर मेकिंग, ड्राई फ्लावर कार्ड मेकिंग, नैचुरल गुलाल मेकिंग और पॉटरी जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। अंतिम दिन नैचुरल गुलाल मेकिंग वर्कशॉप में फूलों और प्राकृतिक सामग्रियों से पर्यावरण-अनुकूल गुलाल तैयार करना सिखाया गया। ‘बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट’ सत्र में बीड्स और अन्य साधारण सामग्री से ज्वैलरी बनाने की प्रक्रिया समझाई गई। मंच पर तीन पीढ़ियों की कहानी नाटक ‘डॉटर’स डॉटर’स डॉटर’ में दादी, मां और बेटी की तीन पीढ़ियों की कहानी के जरिए शिक्षा, आत्मनिर्भरता और बदलती सामाजिक भूमिकाओं के प्रश्न रखे गए। इंडियन वुमन इम्पैक्ट के सहयोग से हुई प्रस्तुति ने महिला नेतृत्व को रेखांकित किया। ‘पावरफुल वुमन’ सत्र में बच्चों ने सीमित संसाधनों के बीच अपने सपनों और हौसले को साझा किया। Craft Fest


