खरगोन जिले के कसरावद थाना क्षेत्र के भीलगांव में किसान कारोबारी दिलीप सिंह राठौड़ के घर पर सोमवार रात फायरिंग की घटना हुई। तीन अज्ञात नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने घर के बाहर से गोलियां चलाईं और फिर इंदौर की ओर फरार हो गए। घटना के समय दिलीप सिंह राठौड़ घर पर मौजूद नहीं थे। घटना के बाद दिलीप राठौड़ के पुत्र सत्येंद्र राठौड़ ने गुरुवार को वीडियो के साथ कसरावद थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। एहतियात के तौर पर दिलीप सिंह राठौड़ के घर के बाहर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। वीडियो में फायरिंग की घटना कैद
दिलीप के घर के बाहर हुई फायरिंग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह घटना 16 मार्च की रात 9:27 बजे इंदौर-खरगोन रोड पर हुई थी। वीडियो में बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाश खरगोन की तरफ से आते दिखे। वे दिलीप के मकान के सामने कुछ देर रुके, फायरिंग की और फिर इंदौर रोड की तरफ निकल गए।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्यों ने ली जिम्मेदारी
इस फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्यों हैरी बॉक्सर और आरजू बिश्नोई ने सोशल मीडिया के माध्यम से ली है। हालांकि, पुलिस ने इसे अभी जांच का विषय बताया है और इसकी पुष्टि नहीं की है। खरगोन ग्रामीण एडिशनल एसपी शकुंतला रूहल ने बताया कि वायरल वीडियो और फरियादी की शिकायत के आधार पर पुलिस की जांच जारी है। फिलहाल अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि घटना की अभी तक पुष्टि नहीं हुई है और साइबर सेल की मदद से तथ्य जुटाए जा रहे हैं।


