इंदौर में होली पर हंसी का महोत्सव:नेमीनाथ चौराहे पर सजा ‘टेपा सम्मेलन’; सब्जियों की माला और झाड़ू टोपी से हुआ अनोखा सम्मान

इंदौर में होली पर हंसी का महोत्सव:नेमीनाथ चौराहे पर सजा ‘टेपा सम्मेलन’; सब्जियों की माला और झाड़ू टोपी से हुआ अनोखा सम्मान

होली की मस्ती के रंग में रंगे इंदौर शहर में रविवार रात हास्य और व्यंग्य का अनोखा संगम देखने को मिला, जब मल्हारगंज मेनरोड स्थित नेमीनाथ चौराहे पर ‘टेपा सम्मेलन’ का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम में शहर की विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियों को खास अंदाज में ‘टेपाश्री’ की उपाधि से नवाजा गया। सम्मान समारोह की शैली भी पूरी तरह देसी और अनूठी रही। अतिथियों को टाट की शॉल ओढ़ाई गई, सब्जियों की माला पहनाई गई, झाड़ू की टोपी सजाई गई और गोभी पत्तों का बुके भेंट कर सम्मानित किया गया। इस खालिस अंदाज ने मंच पर मौजूद मेहमानों के साथ-साथ दर्शकों को भी ठहाके लगाने पर मजबूर कर दिया। आधी रात तक गूंजते रहे ठहाके संस्था ‘श्री एक पहल’ के तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन में देश के जाने-माने कवियों ने हास्य और व्यंग्य की ऐसी फुहार छोड़ी कि श्रोता हंस-हंसकर लोटपोट हो गए। कार्यक्रम आधी रात तक चलता रहा और हर प्रस्तुति पर तालियों व ठहाकों की गूंज सुनाई देती रही। कार्यक्रम संयोजक सुनील गोधा और दीपू यादव ने बताया कि यह टेपा सम्मेलन पिछले 15 सालों से किया जा रहा है। इसका उद्देश्य समाज में सकारात्मक ऊर्जा और हंसी का माहौल बनाना है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी सुभाष खण्डेलवाल रहे। प्रमुख अतिथि के रूप में समाजसेवी नवीन गोधा उपस्थित थे। अध्यक्षता योगेन्द्र महंतजी ने की, जबकि विशेष अतिथियों में नारायणजी अग्रवाल (420 पापड़), वीरेन्द्रजी गुप्ता, सरदारमलजी जैन और नितेश जैन आरोन शामिल रहे। कवियों ने जमाया रंग मंच पर सरिता सरोज, विभा सिंह, गोविंद शर्मा, राजेश लोटपोट, ब्रजकिशोर पटेल और अकबर ताज जैसे चर्चित कवि-कवित्रियों ने अपनी हास्य-व्यंग्य रचनाओं से माहौल को जीवंत बनाए रखा। कवि सम्मेलन के सूत्रधार सुप्रसिद्ध कवि सत्येन वर्मा ‘सत्येन’ रहे, जिन्होंने अपनी शैली से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। अतिथियों का स्वागत विजयेन्द्र सिंह चौहान, लीलाधर करोसिया, सुरेश व्यास, आलोक जैन और दिनेश गोधा ने किया। संचालन और आभार प्रदर्शन सुनील गोधा ने किया। होली के उत्सवी माहौल में सजे इस ‘टेपा सम्मेलन’ में खुशी तब दोगुनी हो गई जब भारत टी-20 के सेमीफाइनल में पहुंच गया। खास बात यह कि इस दौरान श्रोताओं में कई क्रिकेट प्रेमी भी थे, जिन्होंने मोबाइल पर मैच और साथ में टेपा सम्मेलन का लुत्फ उठाया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *