मौसम विभाग का लेटेस्ट अपडेट: 2 और 3 फरवरी को इन जिलों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट

मौसम विभाग का लेटेस्ट अपडेट: 2 और 3 फरवरी को इन जिलों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट

Weather latest update: मौसम विभाग ने 2 और 3 फरवरी को बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। जिसके अनुसार कानपुर मंडल और उससे सटे पश्चिम के जिलों में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई पड़ेगा। इस दौरान बारिश होने की संभावना है। दिन में ऊंचे आसमान पर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।‌ मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर एसएन सुनील पांडे ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का असर गंगा के मैदानी क्षेत्रों पर भी पड़ेगा। अगले दो से तीन दिनों तक दिन में भी आसमान में बादल छाए रहेंगे। धूप निकलने की संभावना काफी कम है। दिन में भी ठंड का एहसास होगा। गलन बनी रहेगी। ‌

धूप में रहेगी नरमी

मौसम विभाग के अनुसार कानपुर मंडल में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। धूप में नमी रहेगी। पूरे उत्तर प्रदेश में तेज हवाएं चलने की पूरी संभावना है। तापमान में 1 से 3 डिग्री का उतार-चढ़ाव बना रहेगा। इटावा, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर नगर, कानपुर देहात, औरैया में गलन, सर्दी का एहसास होगा। कहीं-कहीं बर्फ गिरने की भी संभावना है।

पिछले 24 घंटे में बुलंदशहर सबसे ठंडा जिला

मौसम केंद्र लखनऊ के अनुसार पिछले 24 घंटे में बुलंदशहर का तापमान सबसे कम 8 डिग्री दर्ज किया गया है। जबकि फतेहपुर का 8.2, अलीगढ़ का 8.4, बरेली और आगरा का 8.5 डिग्री दर्ज किया गया है। इसके साथ ही मेरठ, मुजफ्फरनगर, नजीबाबाद, शाहजहांपुर, फतेहगढ़, लखीमपुर खीरी, इटावा, कानपुर नगर, लखनऊ, फुरसतगंज, अयोध्या, सुल्तानपुर, बांदा, और झांसी का तापमान 8 से 10 डिग्री के बीच दर्ज किया गया है। प्रदेश के अन्य जिलों का तापमान 10 से 12 डिग्री के बीच दर्ज किया गया है।

चुर्क का तापमान सबसे अधिक

मौसम केंद्र लखनऊ के अनुसार पिछले 24 घंटे में चुर्क का अधिकतम तापमान सबसे अधिक 25.4 डिग्री दर्ज किया गया है। जबकि गोरखपुर का 23.8, बहराइच का 23.4, हरदोई का 23.2, और बनारस बीएचयू का 22.5 डिग्री दर्ज किया गया है, जबकि अधिकतम तापमान में सबसे कम इटावा का 15.6 और शाहजहांपुर का 15 डिग्री दर्ज किया गया है, जबकि बरेली और आगरा का तापमान 16 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया है। प्रदेश के अन्य हिस्सों में अधिकतम तापमान 18 से 22 डिग्री के बीच दर्ज किया गया है।

क्या कहते हैं मौसम वैज्ञानिक?

मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर एसएन सुनील पांडे ने बताया कि अगले 24 घंटे में कानपुर से सटे पश्चिमी जिलों में मौसम में बदलाव आएगा। औरैया, इटावा, कानपुर देहात और बुंदेलखंड के जिलों में बारिश होने की संभावना है। कानपुर में बूंदाबांदी होने की ही संभावना है। बीते दिनों यहां के तापमान में 4 से 5 डिग्री की गिरावट देखी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *