जयपुर में देर रात बवाल, शराब माफिया पर फूटा जनता का गुस्सा, पुलिस के सामने गाड़ियों को फूंका

जयपुर में देर रात बवाल, शराब माफिया पर फूटा जनता का गुस्सा, पुलिस के सामने गाड़ियों को फूंका

Jaipur Crime News: जयपुर के महेश नगर क्षेत्र में करतारपुरा नाले के पास स्थित शराब के ठेके पर शराब बेचने पर रविवार रात को जमकर बवाल हुआ। पुलिस ने इस मामले में 14 से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामला अवैध शराब बिक्री का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, घटना रविवार देर रात उस समय हुई, जब ठेका बंद होने के बाद भी कथित रूप से अवैध तरीके से शराब बेची जा रही थी। जिसका विरोध करने पर ठेका संचालक के लोग और स्थानीय लोगों के बीच जमकर मारपीट हुई।

पुलिस के सामने बाइक को फूंका

स्थानीय लोगों का आरोप है कि रात 8 बजे बाद भी शराब बिकती है जिससे शराब पीने वाले लोग खड़े रहते है´। शराब बिक्री को लेकर कॉलोनीवासियों ने विरोध जताया। पहले कहासुनी हुई, जो जल्द ही मारपीट और फिर तोड़फोड़ में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर ठेका संचालक पक्ष ने अपने अन्य लोगों को मौके पर बुला लिया।

इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए और हालात बेकाबू हो गए। गुस्साए लोगों ने कॉलोनी में खड़े वाहनों को निशाना बनाया। तीन बाइक और एक स्कॉर्पियो में जमकर तोड़फोड़ की गई, जबकि पुलिस के सामने एक मोटरसाइकिल को आग लगा दी गई। आगजनी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।

घायल को लेकर बैठे रहे

झगड़े में दीपक वाटिका निवासी रामअवतार सैनी घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे अस्पताल भिजवाने के लिए 108 एंबुलेंस मौके पर बुलवाई, लेकिन आक्रोशित लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एंबुलेंस को कुछ समय तक रोककर खड़े रहे। बाद में पुलिस के समझाने पर घायल को अस्पताल भेजा गया।

चार थानों का जाप्ता पहुंचा

घटना की सूचना मिलते ही महेश नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालात की गंभीरता को देखते हुए सोडाला, शिप्रापथ और ज्योति नगर थाना पुलिस का जाप्ता भी मौके पर बुलाया गया। मौके पर एसीपी सोडाला सुनील कुमार, महेश नगर थाना प्रभारी सुरेश कुमार, सोडाला थाना प्रभारी बलवीर सिंह कस्बा और शिप्रापथ थाना प्रभारी महेन्द्र सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस ठेके पर पहले भी कई बार अवैध रूप से देर रात तक शराब बेचने की शिकायत पुलिस को दी जा चुकी है, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने से समस्या बनी हुई है।

पुलिस ने मौके से कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और उपद्रव में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और तोड़फोड़ व आगजनी में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *