छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है। इसमें एक लंगूर मां अपने मृत बच्चे के शव को गोद में लेकर घंटों भटकती नजर आई, जिसे देखकर वहां मौजूद लोग वीडियो बना लिया। घटना बुधवार शाम की बताई जा रही है। वीडियो में दिख रहा स्थान फॉरेस्ट ऑफिस के पास स्थित सरकारी पोल्ट्री फार्म की दीवार है। यहीं पर लंगूर मां अपने बच्चे को सीने से लगाए इधर-उधर घूमती रही। लंगूर मां कभी दीवार पर बैठ जाती, तो कभी बच्चे को गोद में लेकर चलने लगती। वह लंबे समय तक उसे अपने सीने से चिपकाए रखी रही। यह दृश्य देखकर लोग रुक गए और हैरानी से उसे देखते रहे। बंदर के बच्चे की मौत कैसे हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। आशंका जताई जा रही है कि करंट लगने से उसकी जान गई होगी। झुंड भी रहा मौजूद लंगूर मां अपने मृत बच्चे को गोद में लेकर इधर-उधर भटक रही थी। उसी दीवार पर बड़ी संख्या में लंगूरों का झुंड भी मौजूद था, जो उसके साथ बैठा हुआ था। सभी लंगूर शांत होकर एक-दूसरे को निहार रहे थे। लोगों का मानना है कि वे अपने तरीके से मृत बच्चे का शोक मना रहे थे।
रेंजर बोले- लंगूर की तालाश की जा रही रेंजर संजय लकड़ा ने बताया कि शाम को इसकी जानकारी नहीं मिल सकी थी। जानकारी मिलने के बाद स्टाफ ने उस लंगूर की तलाश की, लेकिन वह वहां नहीं मिला। रात होने की वजह से संभव है कि वह वापस लौट गया हो। हालांकि, सुबह उसके आसपास के संभावित क्षेत्रों में तलाश की जा रही है।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट रिटायर्ड एसडीओ एसके गुप्ता ने बताया कि बंदरों में पारिवारिक लगाव बहुत अधिक होता है। जब उनके किसी सदस्य की मौत होती है, तो वे अन्य वन्य प्राणियों की तुलना में ज्यादा सामाजिक व्यवहार करते हैं। कई बार वे मृत शरीर को कई दिनों तक अपने साथ रखते हैं। उन्होंने बताया कि ड्यूटी के दौरान उन्होंने कई बार ऐसा देखा है कि किसी बंदर की मौत के बाद वे उसकी बॉडी को ले जाने भी नहीं देते।


