Justin Langer prediction on Mukul Chaudhary: मुकुल चौधरी को लेकर लखनऊ सुपर जायंट्स के हेड कोच जस्टिन लैंगर ने भारत का सबसे खतरनाक नंबर 6 या 7 का बैटर बनाने की भविष्यवाणी कर दी थी। मुकुल की मैच जिताऊ पारी के बाद अब यह वीडियो वायरल हो रहा है।
Justin Langer prediction on Mukul Choudhary: कोलकाता नाइट राइडर्स के जबड़े से अकेले अपने दम पर मैच निकालने वाले मुकुल चौधरी सुर्खियों में है। इसी बीच एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियों में लखनऊ सुपर जायंट्स के हेड कोच जस्टिन लैंगर कह रहे हैं कि वह मुकुल चौधरी को भारत का सबसे खतरनाक नंबर 6 या 7 का बैटर बना देंगे। ये वीडियो एलएसजी के एक पुराने ट्रेनिंग सेशन का है। यह वीडियो तब सुर्खियों में आया, जब इस 21 वर्षीय युवा खिलाड़ी ने आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए एक धमाकेदार मैच विनिंग पारी खेली।
एलएसजी जीत के बाद शेयर किया वीडियो
दरअसल, इस वीडियो को एलएसजी ने ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स पर अपनी रोमांचक जीत के बाद शेयर किया था। इसमें लैंगर एक ट्रेनिंग सेशन के दौरान मुकुल के लिए भविष्यवाणी करते हुए कहते हैं कि अगले चार महीनों में मैं तुम्हें भारत का सबसे खतरनाक नंबर 6 या 7 का बैटर बना दूंगा। मुकुल की इस शानदार परफॉर्मेंस के बाद यह क्लिप सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है।
नाटकीय अंदाज में पूरी हुई भविष्यवाणी
बता दें कि 182 रनों का पीछा करते हुए एलएसजी के 16 ओवरों में 128 पर सात विकेट गिरने के बाद गहरे संकट में थी। इसके बाद मुकुल चौधरी ने पावर हिटिंग का एक जबरदस्त नजारा पेश कर सभी को रोमांचित कर दिया। यह उनका सिर्फ तीसरा आईपीएल मैच था। इस 21 वर्षीय खिलाड़ी ने 27 गेंदों पर नाबाद 54 रन बनाते हुए सात छक्के जड़े। उन्होंने अपनी आखिरी 19 गेंदों पर 52 रन बनाए और आखिरी गेंद पर टीम को तीन विकेट से यादगार जीत दिलाई।
हार को सीजन की सबसे यादगार जीतों में से एक में बदल दिया
मुकुल के निडर अंदाज ने लगभग तय हार को इस सीजन की सबसे यादगार जीतों में से एक में बदल दिया। इस पारी के लिए मुकुल को प्लेयर ऑफ मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया। ये अवॉर्ड पाने के बाद उन्होंने अपनी पारी को लेकर कहा कि मेरी योजना आखिर तक खेलने की थी। मुझे खुद पर इतना भरोसा है कि अगर मैं क्रीज पर टिका रहता, तो टीम को जीत दिला सकता था।
‘मैं हमेशा से इसी अंदाज में खेलता आया हूं’
मुकुल का क्रिकेट का सफर बिल्कुल भी आम नहीं रहा है। झुंझुनू से आने वाले मुकुल ने सीमित संसाधनों के बीच 12-13 साल की उम्र में ही क्रिकेट खेलना शुरू किया था। सीकर की एक एकेडमी में ट्रेनिंग लेने के बाद वह जयपुर चले गए और बाद में गुरुग्राम जाकर अपने टी20 कौशल को और निखारा। उन्होंने बताया कि अगर गेंद मेरे जोन में आती है, तो मैं उसे जरूर मारता हूं। मैं हमेशा से इसी अंदाज में खेलता आया हूं।
Sports – Patrika | CMS




