सतना जिले में 12 फीसदी महंगी होंगी जमीनें, शहर के डिलौरा में 25 फीसदी तक की बढ़ोत्तरी

सतना। वर्ष 2026-27 की सतना और मैहर जिले की जमीनों का मूल्य निर्धारण करने गाइड लाइन तैयार कर ली गई है। इसके अनुसार गत वर्ष की तुलना में जमीनों के दाम औसत तौर पर 12 फीसदी बढ़ाए गए हैं। शहर में उन इलाकों में जमीनों के दाम ज्यादा बढ़ाए गए हैं जहां पर नये प्लाटिंग एरिया तैयार हो रहे हैं और नवीन विकास कार्य चल रहे हैं। इस श्रेणी में शहर के वार्ड क्रमांक 37, 20 और 12 में सबसे ज्यादा बढ़ोत्तरी की गई है। इसी तरह ग्रामीण इलाके में सबसे ज्यादा वृद्धि मझगवां से लगे इलाकों में की गई है। यहां पर 100 फीसदी तक जमीनों की कीमतें बढ़ाई गई है। यह निर्णय कलेक्टर डॉ सतीश कुमार एस की अध्यक्षता में आयोजित जिला मूल्यांकन समिति की बैठक में लिया गया। इसमें विधायक रामपुर बाघेलान विक्रम सिंह, अपर कलेक्टर विकास सिंह, निगमायुक्त शेर सिंह मीना, जिला पंजीयक डॉ कीर्ति सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

शहर में यहां बढ़े सबसे ज्यादा दाम

नई गाइड लाइन में शहर के जिन इलाकों में सर्वाधिक वृद्धि हुई है उनमें डेलौरा, बांधवगढ़, बदखर, लोटस सिटी, पेप्टेक सिटी, मझबोंगवा, घूरडांग हाउसिंग बोर्ड कालोनी, बसंत बिहार हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में जमीनों की दरें 25 से 20 फीसदी तक बढ़ी हैं। यह शहर के सर्वाधिक वृद्धि वाले इलाके हैं। कम वृद्धि वाले इलाके में शेरगंज और इससे लगे क्षेत्र हैं यहां पर 10 से 15 फीसदी की वृद्धि की गई है। विराट नगर जैसे क्षेत्र में कोई ज्यादा बढ़ोत्तरी नहीं हुई है। वहीं शहर के बाजार इलाके में भी ज्यादा वृद्धि नहीं हुई है। ग्रामीण क्षेत्र की स्थिति अगर देखें तो जहां काफी लंबे समय से जमीनों के रेट नहीं बढ़े थे लेकिन अब विकास कार्य होने से यहां जमीनों की दरों में 100 फीसदी की वृद्धि की गई है। ऐसे इलाके मझगवां से लगे क्षेत्र हैं। वहीं शहर में ऐसी स्थिति सिग्नेचर ग्रीन रोड वार्ड नंबर 17 में जमीनों के रेट दोगुने किए गए हैं।

land

कई लोकेशन की गई मर्ज

कई लोकेशन ऐसी पाई गई है जहां दरों में ज्यादा अंतर नहीं है लेकिन इस अंतर से कुछ लोग लाभ उठाते हैं। इसे देखते हुए कई लोकेशनों को मर्ज किया गया है। मसलन उमरी के अंदर और बाह्य क्षेत्र को मर्ज कर दिया गया है। यहां पर सभी जगह एक ही रेट पर जमीनें मिलेंगी। शहर में ऐसी 88 लोकेशन मर्ज की जाकर 34 लोकेशन बनाई गई हैं। इसमें 24 नई लोकेशन जोड़ी भी गई हैं। इस तरह 88 लोकेशनों के स्थान पर अब 58 लोकेशन अंतिम की गई है। नागौद में 37 लोकेशनों के स्थान पर मर्जर और नई लोकेशन जोड़ कर 24 लोकेशन, रामपुर बाघेलान में 20 लोकेशनों के स्थान पर 16, मैहर में 2 लोकेशन के स्थान पर 10 लोकेशन बनाई गई है। यहां 9 नई लोकेशन जोड़ी गई हैं। अमरपाटन में 4 लोकेशन के स्थान पर मर्ज करके 2 लोकेशन तैयार की गई है।

3156 लोकेशनों के आधार पर होंगे जमीन के सौदे

हालिया वित्तीय वर्ष में कुल 3197 लोकेशन अस्तित्व में हैं, जिसके आधार पर जमीनों का क्रय विक्रय होता है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए इसमें 151 लोकेशन मर्ज की जा रही हैं और 110 नई लोकेशन जोड़ी जा रही है। इसे मिलाकर नई प्रस्तावित गाइड लाइन में 3156 लोकेशन तैयार की गई हैं। इन लोकेशनों के आधार पर जमीनों की दरें निर्धारित की गई हैं।

land

13 मार्च तक लिए जाएंगे आपत्ति एवं सुझाव

प्रस्तावित गाइड लाइन अवलोकन और आम जनता से सुझाव प्राप्त करने के लिए एनआईसी की बेवसाइट पर डाली जाएगी साथ ही हार्डकाॅपी जिला पंजीयक कार्यालय एवं सभी तहसीलों के उप पंजीयक कार्यालय में रखी गई है। गाइड लाइन पर आपत्ति एवं सुझाव 13 मार्च को सायं 5.30 बजे तक कलेक्टर कार्यालय, जिला पंजीयक कार्यालय और उप पंजीयक कार्यालय सतना, नागौद, रामपुर बघेलान, मैहर और अमरपाटन में प्रस्तुत किए जा सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *