लखीमपुर डीएम ने छोटी काशी गोला कॉरिडोर का निरीक्षण किया:परियोजना को समय पर पूरा करने को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए

लखीमपुर डीएम ने छोटी काशी गोला कॉरिडोर का निरीक्षण किया:परियोजना को समय पर पूरा करने को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए

लखीमपुर की डीएम दुर्गा शक्तिनागपाल ने सोमवार को जनपद की महत्वाकांक्षी छोटी काशी गोला कॉरिडोर परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष विजय शुक्ला ‘रिंकू’ और एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान डीएम ने परियोजना से संबंधित नक्शों और स्थल की वास्तविक स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि गोला के पर्यटन विकास और छोटी काशी शिव मंदिर कॉरिडोर के निर्माण कार्य को ‘मिशन मोड’ में तेजी से आगे बढ़ाया जाए। डीएम ने बताया कि यह परियोजना मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने जोर दिया कि इसे तय समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करना सभी संबंधित विभागों की संयुक्त जिम्मेदारी है। उन्होंने कॉरिडोर क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्य, सड़क मार्ग, पर्यटक सुविधाओं और मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लिया। डीएम ने निर्देश दिए कि सभी निर्माणाधीन भवनों की स्लैब कास्टिंग का कार्य 31 मार्च तक गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। इसके साथ ही, कॉरिडोर के पाथवे का पीसीसी कार्य भी निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने को कहा गया। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। इसका उद्देश्य परिसर को जल्द ही आमजन और श्रद्धालुओं के उपयोग के लिए सुचारू रूप से शुरू करना है। इस निरीक्षण के दौरान एसडीएम प्रतीक्षा त्रिपाठी, सीओ रमेश कुमार तिवारी और प्रशिक्षु आईएएस मनीषा धार्वे सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *