भास्कर संवाददाता| सीहोर भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय आह्वान पर बुधवार को जिला संगठन ने देशव्यापी विरोध दिवस मनाया। कार्यकर्ताओं ने कर्मचारियों, श्रमिकों की मांगों को लेकर रैली निकाली। कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। इससे पहले भोपाल नाका पर कार्यक्रम हुआ। सभा के बाद कार्यकर्ता भोपाल नाका से नारेबाजी करते हुए रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे। जिला सहमंत्री अनूप चौधरी ने ज्ञापन का वाचन किया। उन्होंने बताया कि शासकीय कर्मचारी, अर्द्धशासकीय, दैनिक वेतनभोगी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, नगरीय निकाय कर्मचारी, रेलवे, डाक विभाग, पेंशनर्स, कारखानों में काम करने वाले श्रमिकों की मांगों को शामिल कर 45 सूत्रीय ज्ञापन तैयार किया गया है। ज्ञापन में मांग की गई कि श्रम कानूनों का सभी क्षेत्रों, सभी श्रमिक वर्गों में बिना अपवाद सख्ती से सार्वभौमिक पालन सुनिश्चित हो। यह अंत्योदय की भावना के अनुरूप हो। ईपीएस-95 के तहत न्यूनतम पेंशन 1,000 से बढ़ाकर 7,500 रुपए प्रतिमाह की जाए। महंगाई राहत दी जाए। आयुष्मान भारत योजना से जोड़ा जाए। ईएसआई, ईपीएफ की कवरेज सीमा बढ़ाई जाए। ईएसआईसी की वेतन सीमा 21,000 से बढ़ाकर 42,000 की जाए। ईपीएफ की सीमा 15,000 से बढ़ाकर 30,000 की जाए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राम परमार ने की। विशेष अतिथि के रूप में अनिल शर्मा, वीरसिंह गुर्जर, आंगनवाड़ी संघ की जिलाध्यक्ष उषा राठौर, राज्य कर्मचारी संघ के संभागीय अध्यक्ष गोपालसिंह ठाकुर, जिलाध्यक्ष कुंदन राय, दैवेभो कर्मचारी संघ के प्रदेश सचिव विनोद बोयत मौजूद रहे। कार्यक्रम में भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जिलेभर की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं।


