कुशीनगर में अटल आवासीय विद्यालय में कक्षा 6 और 9 में प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब पात्र अभ्यर्थी 15 फरवरी 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। इसके साथ ही प्रवेश परीक्षा की तिथि भी बदल दी गई है। यह विद्यालय श्रम विभाग में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों और अनाथ बच्चों को उच्च गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। प्रवेश के लिए वही निर्माण श्रमिक पात्र होंगे, जो उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में 30 नवंबर 2022 तक पंजीकृत हों। ऐसे पंजीकृत श्रमिकों के अधिकतम दो बच्चे प्रवेश के लिए पात्र होंगे। इसके अतिरिक्त, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले अनाथ बच्चे भी आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र जिला श्रम कार्यालय, रामकोला रोड, शनि मंदिर के सामने, पडरौना, कुशीनगर से प्राप्त किए जा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9984581938 और 9415322990 पर संपर्क किया जा सकता है। ऑनलाइन आवेदन की सुविधा upbocw.in वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। महानिदेशक, अटल आवासीय विद्यालय द्वारा जारी पत्र के अनुसार, पहले आवेदन की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2026 निर्धारित थी। अब प्रवेश परीक्षा 22 फरवरी के बजाय 8 मार्च 2026 को आयोजित की जाएगी।


