Kuldeep Yadav Marriage: कौन हैं वंशिका, जिनके प्यार में ‘क्लीन बोल्ड’ हुए कुलदीप यादव? घर से महज 3 KM दूर रहती है…

Kuldeep Yadav Marriage: कौन हैं वंशिका, जिनके प्यार में ‘क्लीन बोल्ड’ हुए कुलदीप यादव? घर से महज 3 KM दूर रहती है…

Kuldeep Yadav Wedding: भारतीय क्रिकेट टीम के ‘चाइनामैन’ स्पिनर कुलदीप यादव अब अपनी जिंदगी की खास पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। मैदान पर बड़े-बड़े बल्लेबाजों को अपनी उंगलियों पर नचाने वाले कुलदीप खुद अपनी बचपन की दोस्त वंशिका के प्यार में ‘क्लीन बोल्ड’ हो गए हैं और सालों पुरानी दोस्ती अब जल्द ही रिश्तेदारी में बदलने वाली है। जैसे ही यह खबर मीडिया में आई है, इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर लोग कुलदीप यादव की दुल्हनिया के बारे में ज्यादा से ज्यादा जानना चाह रहे हैं। इसलिए आज की इस स्टोरी में हम वंशिका से जुड़े उन सभी सवालों के जवाब देने जा रहे हैं, जो सोशल मीडिया पर लगातार पूछे जा रहे हैं।

बचपन की दोस्ती और 3 किलोमीटर का फासला

कुलदीप यादव और वंशिका की कहानी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। दोनों कानपुर के पड़ोसी हैं और बचपन के दोस्त भी। कुलदीप कानपुर के लाल बंगला इलाके में रहते हैं, जबकि वंशिका का घर वहां से महज 3 किलोमीटर दूर श्याम नगर में है। वंशिका के पिता योगेश सिंह एलआईसी (LIC) में अधिकारी हैं। फिलहाल वंशिका ऑस्ट्रेलिया में अपनी पढ़ाई पूरी कर रही हैं, लेकिन सात समंदर पार होने के बावजूद इस जोड़ी का रिश्ता और भी मजबूत हुआ है।

मसूरी की वादियों में लेंगे सात फेरे

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कुलदीप और वंशिका की शादी के लिए उत्तराखंड के खूबसूरत हिल स्टेशन मसूरी को चुना गया है। 14 मार्च 2026 को एक लग्जरी रिसॉर्ट में यह जोड़ा शादी के बंधन में बंधेगा। शादी का जश्न 13 मार्च से ही शुरू हो जाएगा, जिसमें हल्दी और मेहंदी जैसी पारंपरिक रस्में होंगी। इसके अलावा कुलदीप के पिता रामसिंह यादव ने हाल ही में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्हें शादी का न्योता भी दिया है। शादी के बाद 17 मार्च को लखनऊ के होटल ‘सेंट्रम’ में एक ग्रैंड रिसेप्शन रखा जाएगा, जिसमें खेल और राजनीति जगत की दिग्गज हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है। बता दें, इस जोड़ी ने 4 जून 2025 को लखनऊ में सगाई की थी। पहले शादी नवंबर 2025 में होनी थी, लेकिन कुलदीप के बिजी क्रिकेट शेड्यूल और टी20 वर्ल्ड कप की वजह से तारीख को आगे बढ़ाना पड़ा।

बॉलीवुड नहीं, सादगी को दी अहमियत

कुलदीप यादव ने एक इंटरव्यू में शादी से जुड़े सवाल का जवाब देते हुए बताया था कि वह किसी बॉलीवुड एक्ट्रेस से शादी नहीं करेंगे। उन्हें एक ऐसी जीवनसंगिनी चाहिए थी जो उनके परिवार को संभाल सके और सादगी पसंद हो। वंशिका उनकी इन सभी उम्मीदों पर खरी उतरीं।

पिता का सपना और कुलदीप का सफर

कुलदीप का क्रिकेटर बनने का सफर भी काफी अलग रहा है। उन्नाव में जन्मे कुलदीप को बचपन में क्रिकेट में कोई खास दिलचस्पी नहीं थी, वह पढ़ाई में काफी अच्छे थे। लेकिन उनके पिता, जो ईंट-भट्ठा चलाते थे, चाहते थे कि उनका बेटा देश के लिए खेले। पिता के इसी जुनून ने कुलदीप को आज दुनिया का बेहतरीन स्पिनर बना दिया है। आज वह न केवल एक सफल क्रिकेटर हैं, बल्कि एक रॉयल लाइफस्टाइल जीते हैं और कानपुर के पॉश इलाके में रहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *