न्यूजीलैंड के खिलाफ कुलदीप यादव ने 10 ओवर में लुटाये 82 रन, युजवेंद्र चहल ने सोशल मीडिया पर किया यह पोस्ट

Kuldeep Yadav, India vs New Zealand ODI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे मुक़ाबले में भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव की जमकर धुनाई हुई। कुलदीप ने 10 ओवर में 82 रन लुटाये और मात्र एक विकेट लिया। जिसके चलते न्यूजीलैंड यह मुक़ाबला सात विकेट से हीट गया और मेहमान टीम ने तीन मुकाबलों की सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली है।

कुलदीप के समर्थन में आए चहल

इस खराब प्रदर्शन के बाद कुलदीप की आलोचना हो रही है। इसी बीच उनके दोस्त और स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल उनके समर्थन में आए हैं। चहल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, ” कुलदीप यादव पूरी दुनिया में नंबर 1 स्पिनर हैं। किसी भी फॉर्मेट में।”

तीसरी बार कुलदीप ने लुटाये 80 से ज्यादा रन

बता दें कुलदीप यादव के वनडे करियर में तीसरी बार किसी वनडे मुक़ाबले में 80 से ज्यादा रन लुटाये हैं। दिलचस्प बात ये है कि उन्होंने दो बार ऐसा न्यूजीलैंड के खिलाफ ही किया है। राजकोट से पहले 2020 में हैमिल्टन में कीवी टीम ने कुलदीप को आड़े हाथों लेते हुए उनके खिलाफ 84 रन बनाए थे। वहीं, 2021 में कुलदीप ने इंग्लैंड के खिलाफ पुणे में भी बिना विकेट लिए 84 रन खर्च किए थे।

मैच की बात करें तो टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम ने 7 विकेट खोकर 284 रन बनाए। रोहित शर्मा और कप्तान शुभमन गिल की सलामी जोड़ी ने 12.2 ओवरों में 70 रन की साझेदारी की। रोहित 38 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुए। यहां से कप्तान शुभमन गिल ने विराट कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 29 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 99 के स्कोर तक पहुंचाया।

शुभमन गिल का अर्धशतक

गिल 53 गेंदों में 1 छक्के और 9 चौकों के साथ 56 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद फैंस को विराट कोहली से उम्मीदें थीं, लेकिन वह 23 रन का योगदान देकर पवेलियन लौट गए। भारतीय टीम 23.3 ओवरों के खेल तक 4 विकेट खोकर 118 रन बना चुकी थी। यहां से केएल राहुल ने रवींद्र जडेजा के साथ पांचवें विकेट के लिए 73 रन की साझेदारी की।

जड्डू 44 गेंदों में 27 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद केएल राहुल ने नीतीश रेड्डी के साथ छठे विकेट के लिए 57 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 248 के स्कोर तक पहुंचाया। केएल राहुल ने 92 गेंदों में 1 छक्के और 11 चौकों के साथ 112 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि नितीश रेड्डी ने 20 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। विपक्षी खेमे से क्रिस्चियन क्लार्क ने 8 ओवरों में 56 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए। इनके अलावा, काइल जैमीसन, जैक फाउलकेस, जेडेन लेनोक्स और कप्तान माइकल ब्रेसवेल ने 1-1 अपने नाम किया।

न्यूजीलैंड का जवाबी हमला

इसके जवाब में न्यूजीलैंड ने 47.3 ओवरों में 3 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। मेहमान टीम ने 46 के स्कोर तक डेवोन कॉनवे (16) और विल यंग (10) का विकेट गंवा दिया था। यहां से विल यंग और डेरिल मिशेल ने 152 गेंदों में 162 रन की साझेदारी करते हुए न्यूजीलैंड को 208 के स्कोर तक पहुंचा दिया। विल यंग ने 98 गेंदों में 7 चौकों के साथ 87 रन बनाए।

डेरिल मिशेल ने मोर्चा संभाला। उन्होंने ग्लेन फिलिप्स के साथ चौथे विकेट के लिए 78 रन की साझेदारी करते हुए टीम को बड़ी जीत दिलाई। मिशेल 117 गेंदों में 2 छक्कों और 11 चौकों के साथ 131 रन बनाकर आउट हुए, जबकि फिलिप्स ने 32 रन की नाबाद पारी खेली। भारत की तरफ से हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *