कोटपूतली-बहरोड़ जिले में पुलिस की अपराध गोष्ठी का आयोजन जिला कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। इस दौरान एसपी देवेंद्र कुमार बिश्नोई ने पुलिस अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी बिश्नोई ने आसूचना तंत्र को मजबूत कर प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया। उन्होंने आमजन और पीड़ितों के साथ मधुर व्यवहार करने, उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनकर विधि सम्मत समाधान करने के निर्देश दिए। गंभीर प्रकृति के अपराधों को केस ऑफिसर स्कीम में लेकर प्रभावी निगरानी करने तथा अपराधों व अपराधियों पर नियंत्रण रखने को भी कहा गया। बैठक में लंबित प्रकरणों का निर्धारित अवधि 60/90 दिवस में निस्तारण करने, थानों व कार्यालयों में साफ-सफाई बनाए रखने और पुलिसकर्मियों के टर्न आउट को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। बीट प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सी.एल.जी. सदस्य, सुरक्षा सखी, पुलिस मित्र, ग्राम रक्षक और ट्रैफिक वार्डन की मदद लेने पर भी बल दिया गया। एसपी ने अवैध शराब, मादक पदार्थ और अवैध खनन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के आदेश दिए। नेशनल हाईवे पर अवैध कट बंद करवाने, लेन सिस्टम का निरंतर पालन करवाने, महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा अवैध बांग्लादेशी नागरिकों के सत्यापन पर भी चर्चा हुई। लोकल एवं स्पेशल एक्ट में प्रभावी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। इस गोष्ठी में जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी ने भी संबोधित किया। उन्होंने जिला स्तरीय विभागों से आपसी सामंजस्य और टीम भावना के साथ कार्य करने पर जोर दिया। कलेक्टर ने कस्बों के महत्वपूर्ण मार्गों में यातायात जाम की स्थिति से निजात पाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने को कहा। इस अवसर पर जिले के समस्त एएसपी, डीएसपी, एसएचओ, संचित निरीक्षक, ए.जी.टी.एफ. प्रभारी, डी.एस.टी. प्रभारी, यातायात निरीक्षक और अपराध सहायक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


