Kota: ‘घोड़ी’ बनकर करता रैकी… सूने घर में करता ये काम; पुलिस ने 45.30 लाख बरामद कर आरोपी को दबोचा

Kota: ‘घोड़ी’ बनकर करता रैकी… सूने घर में करता ये काम; पुलिस ने 45.30 लाख बरामद कर आरोपी को दबोचा

Kota burglary case: कोटा शहर में जवाहर नगर थाना क्षेत्र के तलवंडी स्थित बी-सेक्टर के सूने मकान में हुई बड़ी चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 45 लाख 30 हजार 800 रुपए नकद बरामद कर आरोपी विशाल उर्फ घोड़ी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को इलाके में ‘घोड़ी’ नाम से इसलिए जाना जाता है, क्योंकि वह शादी-विवाह में घोड़ी लेकर जाता है और इसी बहाने गलियों में घूमता रहता है।

एएसपी दिलीप सैनी ने बताया कि फरियादी ने 23 फरवरी को रिपोर्ट दी थी। इसमें बताया था कि 22 फरवरी को अहमदाबाद से लौटने पर घर के ड्रॉइंग रूम का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी के ताले भी टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। घर से करीब 45-50 लाख नकद व सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर गंभीरता से जांच शुरू की और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की।

आरोपी को मालूम था घर पर कोई नहीं

डिप्टी योगेश शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी को पता था कि इस घर में हाल ही शादी हुई है। उसे यह भी जानकारी थी कि परिवार के सदस्य बाहर गए हुए हैं और घर सूना है। इसी आधार पर उसने घर को निशाना बनाया। जांच में सामने आया कि आरोपी शादी समारोहों में घोड़ी लेकर क्षेत्र में आता-जाता था। इसी दौरान उसने घर की गतिविधियों पर नजर रखी और मौका पाकर लोहे के पाइप से ताले तोड़कर वारदात को अंजाम दिया।

वारदात के बाद वह नकदी और जेवरात से भरा बैग लेकर फरार हो गया। पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिर की सूचना के आधार पर विशाल उर्फ घोड़ी, निवासी कवाई सालपुरा जिला बारां, हाल निवासी प्रेमनगर द्वितीय को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 45 लाख 30 हजार 800 रुपए नकद बरामद किए गए। अन्य साथियों और सोने के जेवरात की बरामदगी के लिए जांच जारी है।

इतनी बड़ी रकम देख हुआ बेकाबू

पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और पूर्व में भी चोरी व नकबजनी के मामलों में लिप्त रहा है। बताया जा रहा है कि उसे खुद भी अंदाजा नहीं था कि उसे इतनी बड़ी रकम हाथ लग जाएगी। नोटों और जेवरात से भरा बैग लेकर वह उद्योग नगर की ओर गया।

सोने के गहने उसने अलग स्थान पर छिपा दिए और बैग से नकदी निकालकर खर्च करना शुरू कर दिया। सूत्रों के मुताबिक उसने अपने नशेड़ी साथियों के साथ जमकर पार्टी की और नशा किया। अचानक हाथ आई रकम ने उसे बेकाबू कर दिया।

मां भी हुई हैरान

जब आरोपी इतना पैसा घर लेकर पहुंचा तो उसकी मां भी हैरान रह गई। मां ने उससे रुपए के बारे में पूछताछ की, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। सूत्रों के अनुसार मां ने बैग अपने पास रख लिया, जिससे आरोपी ज्यादा रकम खर्च नहीं कर पाया। इसी बीच पुलिस उसकी तलाश में पहुंच गई और उसे गिरफ्तार कर लिया।

इनका रहा योगदान

पूरी कार्रवाई में जवाहर नगर सीआइ रामलक्ष्मण गुर्जर, उपनिरीक्षक गोपाल लाल, हेड कांस्टेबल नरेन्द्र सिंह, कांस्टेबल जीतराम, गजेन्द्र तथा उद्योग नगर थाने के कांस्टेबल देवेन्द्र, वेदवीर, रामस्वरूप सहित अन्य पुलिसकर्मियों का विशेष योगदान रहा। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों और छिपाए गए जेवरात की बरामदगी के प्रयास कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *