Kota Aerocity project: यहां बसेगा आधुनिक शहर, इंफ्रास्ट्रक्चर की कार्य योजना तैयार, जानें पूरा डेवलपमेंट प्लान

Kota Aerocity project: यहां बसेगा आधुनिक शहर, इंफ्रास्ट्रक्चर की कार्य योजना तैयार, जानें पूरा डेवलपमेंट प्लान

Kota Aerocity infrastructure: कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए) ने ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के नजदीक एयरोसिटी में आधुनिक कोटा शहर को बसाने को लेकर इंफ्रास्ट्रक्चर की कार्य योजना तैयार कर ली है। केडीए की ओर से ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट के पास प्रस्तावित एयरोसिटी निर्माण को लेकर केडीए आयुक्त ममता तिवारी की अध्यक्षता में शहर के कोचिंग संस्थाओं के प्रतिनिधियों, व्यापारियों, होटल व्यवसायियों की हितधारक बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के नजदीक एयरोसिटी में आधुनिक कोटा शहर को बसाने की कार्य योजना पर चर्चा हुई।

4 जोन में विकसित होगी योजना

बैठक में आयुक्त ममता तिवाड़ी ने बताया कि एयरोसिटी को प्रस्तावित कार्य योजना के तहत 4 जोन में विकसित किया जाएगा। जिसमें कमर्शियल, इंडस्ट्रियल, एजुकेशनल सहित कई अन्य गतिविधियां संचालित की जा सकेंगी। शहर से एयरोसिटी की बेहतरीन कनेक्टिविटी की दी जाएगी।

बैठक में एयरोसिटी के विजन फ्रेमवर्क, भूमि उपयोग नियोजन, आधारभूत संरचना विकास, बहु-माध्यमीय कनेक्टिविटी, चरणबद्ध विकास रणनीति तथा निवेश संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इस बात पर विशेष बल दिया गया कि हवाई अड्डा आधारित विकास एवं शहरी विस्तार के मध्य समन्वय स्थापित करते हुए सुनियोजित, संतुलित एवं सतत विकास सुनिश्चित किया जाए।

रीको को दी 658 हैक्टेयर भूमि

केडीए सचिव मुकेश चौधरी ने बताया कि एयरोसिटी के नजदीक 658 हैक्टैयर भूमि रीको को दी गई है। जबकि 755 हैक्टेयर जमीन पर व्यावसायिक, शैक्षणिक, हॉस्पिटैलिटी के लिए होटल, रिसोर्ट आवासीय क्षेत्र के लिए योजना तैयार की गई है।
परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने तथा निवेशकों को एकल खिड़की प्रणाली के अंतर्गत समस्त आवश्यक सुविधाएं मसलन- जल एवं विद्युत कनेक्शन, विभिन्न विभागों से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण-पत्र समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने पर बल दिया।

होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने एयरोसिटी के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के लिए तीन-चार सड़कों से इसकी कनेक्टिविटी देने पर जोर दिया। बैठक में रीको, एयरपोर्ट, पीजीसीआइएल, आइओसीएल के अधिकारी व होटल फेडरेशन के संदीप पाडिया समेत व्यवसायी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *