High Speed Car Hit Bike Rider Died: कोटा के महावीर नगर थाना क्षेत्र के थर्ड सर्किल पर मंगलवार देर रात एक सड़क हादसा हुआ। जिसमे 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रोहित राठौर के रूप में हुई है,जो की हरिओमनगगर कच्ची बस्ती का निवासी था और एक होटल में वेटर का काम करता था।
रात करीब 1 बजे ड्यूटी खत्म कर वह बाइक से जवाहर नगर से घर लौट रहा था। रास्ते में केशवपुरा में उसने सब्जी पैक करवाई। महावीर नगर थर्ड सर्किल पर मीरा मार्केट की ओर से आई तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रोहित उछलकर सड़क के दूसरी ओर जा गिरा और उसके सिर में गंभीर चोट आई।
कार का बोनट और बंपर भी क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास के लोगों की सूचना पर उसे न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार का इकलौता बेटा
बुधवार को परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम किया गया। रोहित परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता का एक साल पहले निधन हो चुका है, जबकि मां सब्जी बेचकर परिवार का पालन-पोषण करती हैं।
उसकी छोटी बहन भी है। पुलिस के अनुसार, मृतक के चाचा योगेश कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और कार चालक की तलाश जारी है।


