Kota: 3 महीने प्रेग्नेंट महिला की हॉस्पिटल में मौत, पर्ची बनवाते समय हो गई थी बेहोश

Kota: 3 महीने प्रेग्नेंट महिला की हॉस्पिटल में मौत, पर्ची बनवाते समय हो गई थी बेहोश

Pregnant Woman Dies In Kota Hospital: कोटा शहर के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में गुरुवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई । इलाज के लिए अस्पताल पहुंची 3 माह की गर्भवती महिला की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। महिला पर्ची बनवाते समय बेहोश होकर गिर पड़ी , जिसके बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई । परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से भी इनकार कर दिया। हालांकि डॉक्टर्स ने मौत का कारण महिला की प्लेटलेट्स कम होना बताया है ।

हॉस्पिटल लेकर आया था भाई

मृतका की पहचान संगीता उम्र 25 साल के रूप में हुई है, जिसकी शादी पड़ासलिया गांव में हुई थी । वह पिछले तीन दिनों से अपने मायके कल्याणपुरा गांव , थाना सीमलिया क्षेत्र में रह रही थी । गुरुवार सुबह करीब 9 बजे उसे चक्कर आने और उल्टी की शिकायत हुई। हालत बिगड़ने पर उसका भाई नवल किशोर उसे तुरंत कोटा लेकर पहुंचा । परिजनों ने बताया कि अस्पताल पहुंचने तक संगीता सामान्य स्थिति में थी ।

पर्ची बनवाते समय हो गई थी बेहोश

परिजनों के अनुसार सुबह करीब 10:30 बजे संगीता अस्पताल पहुंची और पर्ची बनवाने लगी । इसी दौरान अचानक वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गई। मौके पर मौजूद अस्पताल स्टाफ ने तुरंत उसे संभाला और इमरजेंसी वार्ड में शिफ्ट कर दिया ।

इमरजेंसी में डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया। उसकी ईसीजी जांच की गई और करीब 10 से 15 मिनट तक लगातार सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) दिया । इसके बावजूद महिला की हालत में सुधार नहीं हुआ और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ड्यूटी स्टाफ के अनुसार महिला के प्लेटलेट्स काफी कम हो गए थे , जिससे उसकी स्थिति तेजी से बिगड़ती चली गई और मौत हो गई ।

पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार

घटना की सूचना मिलने पर सीमलिया थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची। हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार ने बताया कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम जरूरी था लेकिन पीहर और ससुराल पक्ष ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया । परिजनों ने किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं चाहने की लिखित तहरीर भी दी । इसके बाद बिना पोस्टमार्टम के शव परिजनों को सौंप दिया। हालांकि डॉक्टर्स के अनुसार मौत का कारण प्लेटलेट्स कम होना ही बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *