Oscars In Memoriam Controversy: बीती 15 तारीख को 98वें अकादमी पुरस्कार (Oscar Awards 2026) में अभिनय जगत की कई बड़ी हस्तियों को उनके अभिनय और योगदान के लिए पुरस्कृत किया गया। ऑस्कर अवॉर्डस में हर साल एक सेगमेंट होता है ‘इन मेमोरियम’, जिसमें उन कलाकारों के नामों को शामिल किया जाता है जिन्होंने उस साल दुनिया को अलविदा कहा। लेकिन इस बार इस सेगमेंट की लिस्ट में इंडियन सिनेमा के दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र को याद नहीं किया गया। जिस हेमा मालिनी और बेटी ईशा देओल समेत कई फ़िल्मी हस्तियों ने नाराजगी जताई है। सोशल मीडिया पर यूजर्स भी ऑस्कर में धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि न दिए जाने पर अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं।
धर्मेंद्र सहित कई दिवंगत सितारों को नहीं दिया गया ट्रिब्यूट (Oscars In Memoriam Controversy)
98वें अकादमी पुरस्कार समारोह के दौरान ‘इन मेमोरियम’ सेगमेंट में धर्मेंद्र, एरिक डेन और जेम्स वैन डेर बीक समेत कई दिवंगत सितारों का जिक्र न किए जाने को लेकर कड़ी आलोचना हो रही है। बढ़ते विरोध के बाद, ऑस्कर ब्रॉडकास्ट के एग्जीक्यूटिव इंचार्ज रॉब मिल्स ने अब इस मुद्दे पर सफाई देते हुए ऑस्कर इवेंट का बचाव किया है। जानकारी के लिए बता दें कि इस साल का इन मेमोरियम सेगमेंट पिछले सालों की तुलना में लगभग 15 मिनट लंबा था। इसके बावजूद, निर्माताओं ने कुछ ही दिवंगत डायरेक्टर्स और एक्टर्स का ही जिक्र किया और बाकी के नाम केवल अपनी ऑफिशियल वेबसाइट पर ही पब्लिश किए। इतना ही नहीं, उन्होंने शो के दौरान कैथरीन ओ’हारा, रॉब रेनर और रॉबर्ट रेडफोर्ड सहित हॉलीवुड के दिग्गजों को श्रद्धांजलि भी दी।
रॉब मिल्स ने अकादमी पुरस्कारों का बचाव किया
वैरायटी से बात करते हुए, रॉब मिल्स ने बताया कि टेलीविजन पर किसे श्रद्धांजलि देनी है, इसका निर्णय एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज के पास है। उन्होंने आगे कहा, “यह मुश्किल है। मुझे लगता है कि यह उनके द्वारा किया जाने वाला सबसे कठिन काम है। क्योंकि उन्हें इस बात के लिए विलेन के रूप में देखा जाता है, इसलिए ये काम तो हमेशा मुश्किल ही होता है।” इन मेमोरियम सेगमेंट में दिवंगत सितारों के नामों को शामिल न करने में हुई चूक को मानते हुए, उन्होंने कहा, “हां, हमेशा कुछ लोग छूट जाते हैं। दुर्भाग्य से, हम हर साल अभिनय जगत की कई महान हस्तियों को खो रहे हैं, शायद इसीलिए ये सबसे कठिन काम है।”
इसके बावजूद, उन्होंने इस सेगमेंट की तारीफ की और कहा, “मुझे लगता है कि कल रात जो कुछ हुआ, वह ऑस्कर के इतिहास में अब तक का सबसे बेहतरीन सेगमेंट रहा होगा।”
धर्मेंद्र का ऑस्कर ट्रिब्यूट में नाम ना आने पर भड़कीं हेमा मालिनी (Dharmendra missing from Oscars 2026 In Memoriam)
हेमा मालिनी ने ऑस्कर ट्रिब्यूट में धर्मेंद्र का नाम शामिल न करने पर ऑस्कर की आलोचना की। बॉलीवुड हंगामा से बात करते हुए, एक्ट्रेस हेमा मालिनी ने नाराजगी और निराशा जताते हुए कहा, “यह वाकई शर्मनाक है। एक ऐसे अभिनेता को नज़रअंदाज़ करना शर्मनाक है, जिनका दुनिया के कई हिस्सों में इतने सारे लोगों के लिए बहुत महत्व है। धरम जी को हर जगह जाना और पहचाना जाता था।” बता दें कि हेमा मालिनी और ईशा देओल के अलावा बॉलीवुड की कई हस्तियों ने इस पर नाराजगी जताई है।
बॉलीवुड के हीमैन का निधन (He-man of Bollywood Dharmendra Death News)
बॉलीवुड अभिनेता धर्मेंद्र का निधन पिछले साल 24 नवंबर को 89 वर्ष की आयु में हुआ था। उनके परिवार में उनकी दो पत्नियां, प्रकाश राज कौर और हेमा मालिनी और उसके छह बच्चे हैं, जिनके नाम सनी देओल, बॉबी देओल, अजिता-विजेता, ईशा देओल और अहाना देओल हैं।


