Who is Kal Somani: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के 19वें सीजन से पहले राजस्थान रॉयल्स को नया मालिक मिल गया है। अमेरिका के उद्यमी कल सोमानी ने एक समूह का नेतृत्व करते हुए राजस्थान रॉयल्स को 1.63 अरब डॉलर (करीब 15,000 करोड़ रुपये) में खरीदा है। यह आईपीएल के इतिहास में शायद दूसरी सबसे महंगी फ्रेंचाइजी डील है। इस सौदे के बाद हर कोई कल सोमानी के बारे में जानना चाहता है, जिन्होंने राजस्थान रॉयल्स पर पानी की तरह हजारों करोड़ रुपये बहा दिए हैं।
कई बड़े दावेदारों को छोड़ा पीछे
बता दें कि कल सोमानी ने वॉलमार्ट परिवार के अमेरिकी व्यवसायी रॉब वाल्टन और हैम्प परिवार के सहयोग से सफल बोली का नेतृत्व किया। इस प्रक्रिया में कई बड़े नाम वाले दावेदार शामिल थे, जिन्हें पीछे छोड़ते हुए सोमानी ने यह डील पक्की की। अब इस पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की औपचारिक मुहर लगना बाकी है।
कौन हैं कल सोमानी?
कल सोमानी के लिंकडिन प्रोफाइल के अनुसार, सोमानी अमेरिका स्थित एक उद्यमी हैं, जिनके पास एड-टेक (शिक्षा-तकनीक), आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, खेल तकनीक और डेटा गोपनीयता समेत विभिन्न क्षेत्रों में 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वह स्कॉट्सडेल, एरिजोना में रहते हैं और उन्होंने कई उद्यमों की स्थापना की है, जैसे कि इंट्राऐज (एक प्रौद्योगिकी सेवा फर्म) और ट्रूयो। वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी शासन की पहलों में भी शामिल रहे हैं।
सोमानी ने खेल और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भी किया निवेश
क्रिकेट के अलावा, सोमानी ने खेल और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भी निवेश किया है। वह मोटर सिटी गोल्फ क्लब के सह-मालिक हैं। लिंकडिन प्रोफाइल पर सोमानी ने अपनी महत्वाकांक्षा के बारे में लिखा है कि मेरा ध्यान ऐसी कंपनियां बनाने पर है, जो लोगों को सशक्त बनाने के अपने मूल उद्देश्य पर कायम रहते हुए, उच्च-प्रभाव वाले तकनीकी समाधान प्रदान करें। इस यात्रा में अग्रणी फॉर्चून 100 और 500 संगठनों के साथ साझेदारी करके मुझे गर्व महसूस हो रहा है।
कल सोमानी की कुल संपत्ति
टीओआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, कल सोमानी की कुल संपत्ति 110 अरब डॉलर से अधिक है, जो उन्हें संयुक्त राज्य अमेरिका के सबसे अमीर खेल मालिकों में से एक बनाती है।
आईपीएल की ग्रोथ पर दांव
सोमानी का राजस्थान रॉयल्स के साथ जुड़ाव 2021 से है, जब उन्होंने पहली बार इस फ्रेंचाइजी में निवेश किया था। उस समय उन्होंने लीग के लंबे समय के भविष्य की संभावनाओं की ओर इशारा किया था। उस दौरान सोमानी ने कहा था कि हमें इस निवेश में बहुत ज्यादा संभावनाएं दिख रही हैं और हम आईपीएल के भविष्य को लेकर उत्साहित हैं।
बोली की होड़ में ये बड़े नाम थे शामिल
16 मार्च की बोली की समय सीमा के बाद राजस्थान रॉयल्स के लिए होड़ और तेज हो गई, जिसमें कई बड़े नाम वाले बोली लगाने वाले मैदान में थे। इनमें टाइम्स इंटरनेट के नेतृत्व वाला एक समूह, आदित्य बिड़ला समूह, और आर्सेलरमित्तल के सीईओ आदित्य मित्तल के नेतृत्व वाला मित्तल परिवार भी शामिल था।


