200 करोड़ रुपए के क्षेत्रीय कैंसर केंद्र सहित आधुनिक मशीनें स्थापित करने का प्रस्ताव
बढ़ते कैंसर मरीजों और उन्नत इलाज सुविधाओं की जरूरत को देखते हुए कर्नाटक मेडिकल कॉलेज एवं रिसर्च इंस्टीट्यूट (केएमसीआरआई) ने अपने परिसर में क्षेत्रीय कैंसर केंद्र स्थापित करने और पीईटी-सीटी स्कैनिंग मशीन उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजा है। संस्थान ने राज्य बजट से पहले यह प्रस्ताव प्रस्तुत किया है, जिसमें करीब 200 करोड़ रुपए की लागत से क्षेत्रीय कैंसर केंद्र स्थापित करने का अनुरोध किया गया है। इसके साथ ही कैंसर रोगियों के बेहतर उपचार के लिए नई लिनैक मशीन और पीईटी-सीटी स्कैनर की भी मांग की गई है। केएमसीआरआई निदेशक डॉ. ईश्वर होसमानी के अनुसार वर्तमान में उपलब्ध लिनैक मशीन छह जिलों से आने वाले कैंसर मरीजों के उपचार में उपयोग हो रही है, जिसकी अवधि अगले वर्ष समाप्त होने वाली है। ऐसे में नई मशीन और आधुनिक स्कैनिंग सुविधा अत्यंत आवश्यक है।
स्नातकोत्तर सीटों में भी वृद्धि का प्रस्ताव
संस्थान प्रशासन का कहना है कि प्रस्ताव स्वीकृत होने पर बेंगलूरु के बाहर यह सुविधा पाने वाला पहला सरकारी अस्पताल हुब्बल्ली का केएमसीआरआई होगा, जिससे उत्तर कर्नाटक के मरीजों को निजी अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इसके अतिरिक्त संस्थान में एमबीबीएस सीटों को 200 से बढ़ाकर 250 तथा स्नातकोत्तर सीटों में भी वृद्धि का प्रस्ताव रखा गया है, जिससे चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी। अधिकारियों ने बताया कि केएमसीआरआई में जल्द ही 50 अतिरिक्त आईसीयू बेड भी शुरू किए जाएंगे, जिससे गंभीर मरीजों के उपचार की क्षमता में और बढ़ोतरी होगी।


