IPL में आज KKR vs SRH:दोनों टीमें अपने पहले मैच हारीं, कोलकाता के खिलाफ हैदराबाद का रिकॉर्ड खराब

IPL में आज KKR vs SRH:दोनों टीमें अपने पहले मैच हारीं, कोलकाता के खिलाफ हैदराबाद का रिकॉर्ड खराब

कोलकाता नाइट राइडर्स IPL 2026 के छठे मैच में अपने होम ग्राउंड पर आज सनराइजर्स हैदराबाद का सामना करेगी। यह मैच ईडन गार्डन्स में शाम 7:30 बजे शुरू होगा। जबकि टॉस 7:00 बजे होगा। दोनों टीमों को अपने-अपने पहले मैच में हार झेलनी पड़ी थी। सीजन के पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद को हराया था। वहीं, 4 बार की चैंपियन कोलकाता को मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में हार का सामना करना पड़ा था। कोलकाता ने 30 में से 19 मैच जीते कोलकाता और हैदराबाद के बीच अब तक 30 IPL मुकाबले खेले गए हैं। इनमें कोलकाता ने 19 मैच जीते हैं, जबकि हैदराबाद को 10 जीत मिली है। एक मैच टाई रहा था, जिसे सुपर ओवर में कोलकाता ने अपने नाम किया। ईडन गार्डन्स में दोनों टीमों के बीच 11 मुकाबले हुए हैं। यहां होम टीम कोलकाता का दबदबा रहा है, जिसने 8 मैच जीते हैं, जबकि हैदराबाद को 3 मुकाबलों में सफलता मिली है। मुंबई के खिलाफ 220 रन डिफेंड नहीं कर सकी थी कोलकाता कोलकाता की बॉलिंग इस सीजन टीम के लिए चिंता की बात है। शुरुआत में ऐसा लगा था कि टीम ने एक मजबूत तेज गेंदबाज़ी आक्रमण तैयार कर लिया है, लेकिन चोटों और खिलाड़ियों की उपलब्धता से जुड़ी समस्याओं ने इस ताकत को कमजोर कर दिया है। हर्षित राणा और आकाश दीप टीम से बाहर हैं, मथीश पथिराना को अभी श्रीलंका क्रिकेट से NOC नहीं मिला है, जबकि 25.20 करोड़ रुपए में खरीदे गए कैमरन ग्रीन फिलहाल सिर्फ बल्लेबाज के तौर पर ही उपलब्ध हैं। गेंदबाजी में गहराई की यह कमी मुंबई के खिलाफ पहले मैच में साफ नजर आई, जहां कोलकाता 220 रनों का बड़ा स्कोर भी डिफेंड करने में नाकाम रही। इसके अलावा स्पिन डिपार्टमेंट भी टीम के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। वरूण चक्रवर्ती को उस मैच में कोई विकेट नहीं मिला और उन्होंने 48 रन खर्च किए। हैदराबाद का टॉप ऑर्डर मजबूत फिर भी संघर्ष हैदराबाद अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और ट्रैविस हेड जैसे सितारों से सजा टॉप ऑर्डर कागज पर मजबूत दिखता है, लेकिन गेंदबाजी विभाग टीम की सबसे बड़ी चिंता बना हुआ है। खासकर कप्तान पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में SRH की कमजोरी उजागर हुई, जब टीम 201 रन का स्कोर भी बचाने में नाकाम रही। पहले मैच में नीतीश कुमार रेड्डी, जयदेव उनादकट, हर्षल पटेल और ईशान मलिंगा जैसे गेंदबाज RCB को रोकने में संघर्ष करते दिखे। वहीं बल्लेबाजी में भी टीम को निराशा मिली, जब अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड जल्दी आउट हो गए। हालांकि कमिंस ने नेट्स में गेंदबाजी शुरू कर दी है और टूर्नामेंट के बीच में वापसी कर सकते हैं, लेकिन फिलहाल SRH को अपने कप्तान के बिना ही संतुलन बनाना होगा और टॉप ऑर्डर से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करनी होगी। कोलकाता में 101वां IPL मैच कोलकाता की पिच बल्लेबाजी के लिए बहुत अच्छी है, यहां खूब रन बनते हैं और बाउंड्री भी छोटी हैं। ओस की वजह से टीमें अक्सर टारगेट चेज करना पसंद करती हैं। शुरुआत में तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिल सकती है, लेकिन बाद में बल्लेबाजों के लिए खेलना आसान हो जाता है। कोलकाता में IPL के अब तक 100 मैच खेले गए हैं। इसमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 42 मैच जीते हैं, जबकि चेज करने वाली टीम को 57 मुकाबले में जीत मिली है। वहीं एक मैच बेनतीजा रहा है। आज कोलकाता का मौसम गर्म रहेगा गुरुवार को कोलकाता का मौसम गर्म रहेगा और धूप काफी तेज रहेगी। बारिश की कोई संभावना नहीं है। एक्यूवेदर के मुताबिक, तापमान 25 डिग्री से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। दोनों टीमों की पॉसिबल स्टार्टिंग-12 कोलकाता नाइट राइडर्स: फिन एलन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरन ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, सुनील नरेन, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा, ब्लेसिंग मुजरबानी, मनीष पांडे। सनराइजर्स हैदराबाद: अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन (विकेटकीपर और कप्तान), हेनरिक क्लासन, अनिकेत वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, सलिल अरोड़ा, हर्ष दुबे, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा, डेविड पैन।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *