Abhishek Sharma IPL Record: कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में ताबड़तोड़ 48 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
100 Sixes for SRH in IPL: आईपीएल 2026 के छठे मुकाबले में गुरुवार को सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) की भिड़ंत कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) से हो रही है। अभिषेक शर्मा ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 21 गेंदों में 48 रनों की दमदार पारी खेली। अभिषेक एसआरएच की तरफ से आईपीएल में छक्कों का शतक पूरा करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।
केकेआर के खिलाफ जड़े 4 छक्के
केकेआर के खिलाफ 48 रनों की पारी में अभिषेक ने 4 चौके और चार छक्के लगाए। अपनी इस पारी में अभिषेक ने सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेलते हुए 100 छक्के पूरे किए। एसआरएच की ओर से खेलते हुए अभिषेक यह कारनामा करने वाले पहले भारतीय और ओवरऑल दूसरे बल्लेबाज हैं। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से अब तक 101 छक्के लगाए हैं। अभिषेक से आगे इस लिस्ट में अब सिर्फ डेविड वॉर्नर हैं। वॉर्नर ने एसआरएच की जर्सी में खेलते हुए 143 छक्के लगाए हैं।
टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम को अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने दमदार शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 5.4 ओवर में 82 रन जोड़े। अभिषेक ने 21 गेंदों में 48 रनों की आतिशी पारी खेली, तो ट्रेविस हेड ने 21 गेंदों में 6 चौके और 3 छक्कों की मदद से 46 रन बनाए।
RCB से पहले मैच में मिली थी हार
अभिषेक-हेड की तूफानी बल्लेबाजी के बूते एसआरएच ने आईपीएल के पावरप्ले में अपना संयुक्त रूप से चौथा सबसे बड़ा स्कोर बनाया। छह ओवर के पावरप्ले में टीम एक विकेट खोकर 84 रन बनाने में सफल रही। हालांकि, कप्तान ईशान किशन बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 9 गेंदों में 14 रन बनाकर आउट हुए। SRH को टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में RCB के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 201 रन बनाए थे। हालांकि, आरसीबी के बल्लेबाजों ने 202 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 15.4 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया था। टीम के गेंदबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था।
Sports – Patrika | CMS


