सागर में किन्नरों के बीच चल रहे आपसी विवाद को लेकर सोमवार को ‘रंग महल’ में किन्नर पंचायत का आयोजन किया गया। इसमें शामिल होने के लिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में किन्नर सागर पहुंचे। पंचायत में विवाद के सभी बिंदुओं पर चर्चा करने के बाद सभी किन्नर रैली के रूप में एसपी कार्यालय पहुंचे और पुलिस को ज्ञापन सौंपा। समाज के लोगों ने अपनी साथी किन्नर रानी ठाकुर द्वारा लगाए गए धर्म परिवर्तन के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। अनैतिक कार्यों के चलते विवाद गुरु किरण बाई ने बताया कि गुरु कमलाबाई के निधन के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से गुरु-शिष्य परंपरा के अनुसार गादी पर आसीन हैं। करीब 2 से 3 साल पहले उन्होंने रानी ठाकुर को अपनी शिष्या बनाया था और अपने साथ रखा था। उन्होंने गुरु के दायित्वों का पूरा पालन किया। किरण बाई का आरोप है कि रानी ठाकुर के क्रियाकलाप और अनैतिक कार्यों के चलते कई बार उसे रोका-टोका गया, लेकिन वह अपनी हरकतों से नहीं मानी। धर्म परिवर्तन के आरोपों को बताया मनगढ़ंत ज्ञापन में किन्नरों ने स्पष्ट किया कि रानी ठाकुर सागर के किन्नर समाज पर धर्म परिवर्तन कराने जैसे गंभीर और झूठे आरोप लगा रही है। वह लगातार झूठी शिकायतें कर रही है, जिससे समाज में आपसी तनाव और भ्रम की स्थिति बन गई है। किन्नरों का कहना है कि ये आरोप पूरी तरह निराधार हैं। दोषियों पर कार्रवाई की मांग एसपी को ज्ञापन सौंपते हुए किन्नर समाज ने मांग की है कि रानी ठाकुर द्वारा लगाए गए आरोपों की पुलिस निष्पक्ष जांच करे। जांच में जो भी तथ्य सामने आएं, उसके आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि समाज की छवि धूमिल न हो।


