हापुड़ नगर क्षेत्र में सोशल मीडिया के माध्यम से युवतियों को फंसाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक युवक ने स्नैपचैट पर दोस्ती कर खुद को आईएएस अभ्यर्थी बताकर एक युवती का कथित तौर पर अपहरण कर लिया। पीड़ित परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली क्षेत्र के आदर्श नगर कॉलोनी निवासी एक युवक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बहन भदोही निवासी रामबाबू नामक युवक के संपर्क में थी। दोनों के बीच स्नैपचैट पर लगातार बातचीत होती थी। आरोपी रामबाबू ने युवती को बताया था कि वह आईएएस की तैयारी कर रहा है और मेन्स परीक्षा पास कर चुका है। उसने युवती को शादी का झांसा भी दिया था। शिकायतकर्ता विकास ने बताया कि 30 दिसंबर को जब वह दिल्ली में था, तब उसके पिता ने फोन पर बहन मीनू के घर से लापता होने की सूचना दी। हापुड़ पहुंचने पर विकास को रामबाबू के बारे में पता चला। पीड़िता के भाई ने जब आरोपी से फोन पर बात की और उससे पढ़ाई से जुड़े दस्तावेज, बायोडाटा व प्रमाण मांगे, तो आरोपी द्वारा भेजे गए सभी कागजात फर्जी निकले। आरोपी ने यह भी दावा किया था कि उसकी गुजरात में एक कंपनी है, लेकिन जांच करने पर यह जानकारी भी झूठी पाई गई। पीड़ित परिवार ने अपनी बहन को समझाने की कोशिश की कि युवक फर्जी है और वह उससे शादी नहीं कर सकती। इसके बावजूद युवती 30 दिसंबर को अचानक लापता हो गई थी। परिवार को पूरा शक था कि आरोपी रामबाबू ने उनकी बहन को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। उन्होंने आशंका जताई थी कि आरोपी उसकी बहन के साथ कोई संगीन घटना को अंजाम दे सकता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 2 जनवरी को मामला दर्ज किया। बुधवार को पुलिस ने आरोपी रामबाबू को गिरफ्तार कर लिया और पीड़िता को बरामद कर लिया। कोतवाली प्रभारी विनोद पांडेय ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


