खरगोन। गर्मी की आहट के साथ जहां जलसंकट की चिंता शुरू हो जाती है, वहीं खरगोन शहर के लिए राहत भरी खबर है। शहर की प्यास बुझाने वाला खारक बांध इस समय पानी से लबालब भरा हुआ है। पिछले एक दशक से दो लाख से अधिक आबादी वाले शहर को पेयजल उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभा रहा यह बांध फिलहाल पर्याप्त जल भंडारण के कारण सुरक्षित स्थिति में है। शहर से करीब 35 किलोमीटर दूर स्थित 18.29 एमसीएम क्षमता वाले खारक बांध में पेयजल और सिंचाई दोनों के लिए पानी आरक्षित रखा गया है। इसमें से 8.29 एमसीएम पानी शहर की पेयजल व्यवस्था के लिए तथा 10 एमसीएम पानी सिंचाई के लिए सुरक्षित है।


