खजराना मंदिर गर्भगृह विवाद: VIP गुंडे को छोड़, छोटे कर्मचारियों पर प्रशासन ने की कार्रवाई

खजराना मंदिर गर्भगृह विवाद: VIP गुंडे को छोड़, छोटे कर्मचारियों पर प्रशासन ने की कार्रवाई

MP News: इंदौर के कथित गुंडा सतीश भाऊ शिवाजी जयंती की यात्रा का निमंत्रण देने के नाम पर अपनी पत्नी और समर्थकों के साथ मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कर गए। नियमों के अनुसार गर्भगृह में प्रवेश केवल अधिकृत पुजारियों तक सीमित रहता है, आम श्रद्धालुओं को वहां जाने की अनुमति नहीं होती। ऐसे में बिना अनुमति प्रवेश को गंभीर सुरक्षा चूक माना जा रहा है।

प्रशासन की कार्रवाई: गार्ड बर्खास्त, एजेंसी पर जुर्माना

कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर गेट पर तैनात गार्ड को बर्खास्त कर दिया गया है तथा संबंधित सुरक्षा एजेंसी पर 21 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही मंदिर प्रबंधन ने पुजारी परिवारों को भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति न होने की सख्त चेतावनी दी है। आकाश रावत के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।

मुख्य आरोपी पर कार्रवाई को लेकर उठे सवाल

हालांकि पूरे घटनाक्रम में मुख्य भूमिका सतीश भाऊ की बताई जा रही है, लेकिन अब तक उनके खिलाफ प्रत्यक्ष कार्रवाई न होने से सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं का कहना है कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और यदि नियमों का उल्लंघन हुआ है तो मुख्य आरोपी पर भी कार्रवाई जरूरी है। मंदिर जैसे आस्था केंद्रों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन प्रशासन और प्रबंधन दोनों की जिम्मेदारी है।

रील बनाकर सोशल मीडिया पर किया वायरल

बताया जा रहा है कि सतीश भाऊ ने भगवान गणेश की प्रतिमा के समक्ष निमंत्रण अर्पित किया और इस दौरान वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जो तेजी से वायरल हुआ। उनके साथ आए आकाश रावत पर गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मी पर दबाव बनाकर अंदर प्रवेश कराने का आरोप है। मामला सार्वजनिक होने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया। (MP News)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *