कानपुर विकास प्राधिकारण (केडीए) ने शुक्रवार को बिठूर में पूर्व सांसद के बेटे व भाजपा नेता रचित पाठक की अवैध प्लॉटिंग पर बुलडोजर चला दिया। भाजपा नेता पारस हॉस्पिटल के सामने केडीए से बगैर लेआउट पास करवाए तीन बीघा जमीन पर अवैध रूप से प्लॉटिंग कर रहे थे। केडीए वीसी के आदेश पर पूरी साइट को ध्वस्त कर दिया गया। अवैध रूप से प्लॉटिंग करने वालों पर जुर्माना भी लगाया जा सकता है। केडीए वीसी मदन सिंह गब्रयाल के मुताबिक मटका चौराहा से बिठूर रोड पर पारस हॉस्पिटल के सामने भाजपा नेता रचित पाठव अपने पार्टनर पूर्व सांसद के बेटे के साथ तीन बीघा जमीन पर अवैध रूप से प्लाॅटिंग कर रहे हैं। तीन बीघा जमीन पर प्लॉटिंग करने से पहले केडीए से लेआउट और न ही कोई नक्शा स्वीकृत कराया गया है। ठीक इसी तरह से शालीग्राम विहार संडीला (अग्निशमन रेंज बिठूर के सामने से उत्तर) कानपुर नगर के सामने सर्वेश मिश्रा अपने अन्य पार्टनर के साथ तीन बीघा की हाउसिंग सोसाइटी डेवलप कर रहे हैं। ये सोसायटी भी बगैर नक्शा और लेआउट प्लान पास कराए डेवलप कराई जा रही थी। इसी तरह से ग्रामों की पांच बीघा अन्य जमीन पर भी अवैध रूप से प्लॉटिंग करके सोसायटी बसाई जा रही थी। केडीए की जांच में अवैध रूप से प्लॉटिंग की बात सामने आने के बाद शुक्रवार को केडीए के विशेष कार्याधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह, जेई हिमांशु, केडीए के कर्मचारी अनिल शर्मा, राम अवतार, सुपरवाइजर मनोज कुमार ने भारी फोर्स के साथ जेसीबी से भाजपा नेता रचित पाठक, सर्वेश मिश्रा समेत अन्य की अवैध प्लॉटिंग पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। केडीए ने कहा कि अगर दोबारा यहां पर अवैध रूप से प्लॉटिंग की तो कार्रवाई के साथ ही जुर्माना भी ठोंका जाएगा और एफआईआर भी दर्ज होगी।


