मिर्जापुर में 2 अप्रैल को कायस्थ समाज के कुलाधिदेव भगवान चित्रगुप्त के प्राकट्य दिवस चैत्र पूर्णिमा के अवसर पर शोभायात्रा निकाली जाएगी। सामाजिक संस्था के.एस.पी. ट्रस्ट इस कार्यक्रम का आयोजन कर रही है। इसमें लखनऊ, गोरखपुर, प्रयागराज, वाराणसी, चंदौली, जौनपुर, भदोही और सोनभद्र सहित कई जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। संस्था के अध्यक्ष डॉ. शक्ति श्रीवास्तव ने बताया कि शोभायात्रा का शुभारंभ शहर के बरियाघाट स्थित 124 वर्ष प्राचीन श्रीचित्रगुप्त मंदिर से शाम 5 बजे होगा। उन्होंने जानकारी दी कि पश्चिम बंगाल, राजस्थान, बिहार और झारखंड से भी कायस्थ समाज के प्रतिनिधि इस आयोजन में भाग ले सकते हैं। शोभायात्रा में भगवान चित्रगुप्त की झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी। इस दौरान फूलों की वर्षा, डीजे, ढोल-ताशा और पारंपरिक वाद्य यंत्रों का प्रयोग किया जाएगा। आयोजन में आतिशबाजी की भी व्यवस्था की गई है। शोभायात्रा के समापन के बाद श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम संयोजक शिवम श्रीवास्तव ने बताया कि शोभायात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। मीडिया प्रभारी रजत श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा, कायस्थ पाठशाला ट्रस्ट के अध्यक्ष चौधरी राघवेन्द्र नाथ सिंह और महामंत्री एस.डी. कौटिल्य सहित कई विशिष्ट अतिथि भी शोभायात्रा में शामिल होंगे। शहर में इस आयोजन की तैयारियां जारी हैं।


