अबरार ही नहीं, पाकिस्तानी उस्मान तारिक पर भी करोड़ों लुटाना चाहती थीं काव्या मारन, सनराइजर्स ने खुद किया ये खुलासा

अबरार ही नहीं, पाकिस्तानी उस्मान तारिक पर भी करोड़ों लुटाना चाहती थीं काव्या मारन, सनराइजर्स ने खुद किया ये खुलासा

द हंड्रेड मेंस ऑक्शन में अबरार अहमद को चुनने के बारे में सनराइजर्स लीड्स के हेड कोच डेनियल वेटोरी ने खुलासा किया है कि उनकी नजर पाकिस्‍तानी मिस्‍ट्री स्पिनर उस्‍मान तारिक पर भी थी। 

द हंड्रेड के ऑक्‍शन में पाकिस्‍तान के स्पिनर अबरार अहमद को खरीदने वाली सनराइजर्स लीड्स सुर्खियों में है। फ्रैंचाइजी के हेड कोच डेनियल वेटोरी ने खुलासा किया है कि पाकिस्तानी गेंदबाज को खरीदने का फैसला इसलिए लिया गया, क्‍योंकि फ्रेंचाइजी आदिल राशिद को खरीदने से चूक गई थी। वह पाकिस्‍तानी मिस्‍ट्री स्पिनर उस्‍मान तारिक को भी खरीदना चाहती थी। सन टीवी के मालिकाना हक वाली इस फ्रेंचाइजी ने अबरार को करीब 2.3 करोड़ में खरीदा है। वह अब द हंड्रेड में किसी भारतीय मालिकाना हक वाली टीम के पहले पाकिस्तानी खिलाड़ी बन गए है। सोशल मीडिया पर सनराइजर्स और उसकी मालकिन काव्या मारन की इसको लेकर खूब आलोचना हो रही है। इसे राष्ट्रीय भावनाओं के खिलाफ बताया जा रहा है।

सनराइजर्स लीड्स का ऑफिशियल एक्‍स अकाउंट भी सस्पेंड

सनराइजर्स लीड्स का ऑफिशियल एक्‍स अकाउंट भी सस्पेंड कर दिया गया है और सोशल मीडिया पर इस फैसले के खिलाफ गुस्सा बढ़ता जा रहा है। टीम के मालिकों ने अभी तक इस आलोचना पर कोई जवाब नहीं दिया है, लेकिन हेड कोच वेटोरी ने कहा कि यह फैसला पूरी तरह से ऑक्शन में मांग और आपूर्ति के आधार पर लिया गया था।

वेटोरी ने कहा कि जब हम आदिल राशिद (जिन्हें सदर्न ब्रेव्स ने खरीदा) को खरीदने से चूक गए, जो शुरुआत में हमारी पहली पसंद थे। इसके बाद हमने किसी विदेशी स्पिनर की तलाश शुरू कर दी। हमारी नजर चार-पांच खिलाड़ियों पर थी और अबरार उनमें से एक थे। उन्हें टीम में पाकर हम बहुत खुश हैं।

‘उस्मान तारिक भी हमारी नजर में थे’

वेटोरी ने भारत और पाकिस्तान के बीच संबंधों पर टिप्पणी करने से परहेज किया। उन्होंने कहा कि हमने नीलामी में शामिल हर खिलाड़ी के लिए योजना बनाई थी। पाकिस्तानी खिलाड़ियों को न चुनने के बारे में कोई चर्चा नहीं हुई थी। यह बस इस बात का सवाल था कि सबसे अच्छा विकल्प कौन है।

आदिल राशिद को न ले पाने के बाद हमारी प्राथमिकता एक स्पिन गेंदबाज लेना था और हमें नहीं लगा कि वैसी गुणवत्ता स्थानीय में है। इसलिए हमें विदेशी खिलाड़ियों की ओर रुख करना पड़ा। उस्मान तारिक, रिशाद हुसैन और अबरार अहमद ये सभी खिलाड़ी हमारी नजर में थे।

अबरार के पास कई तरह की विविधताएं

उन्‍होंने आगे कहा कि यह थोड़ा रहस्य जैसा है। मुझे नहीं लगता कि ज़्यादातर इंग्लिश खिलाड़ियों ने उन्हें देखा है और उन्होंने हाल ही में ऑस्ट्रेलियाई सीरीज में भी खेला था। ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों से मिली जानकारी के अनुसार, उनका सामना करना मुश्किल होने वाला है।

उनके पास कई तरह की विविधताएं हैं और वे पावरप्ले और बीच के ओवरों में भी विकेट लेने की क्षमता रखते हैं, जो मुझे लगता है कि हेडिंग्ले में एक अहम जरूरत है। वहां स्पिन गेंदबाज ही असल में सफल रहे हैं। उनका टीम में होना हमारे लिए एक बड़ा फर्क पैदा करेगा।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *