कैथरीन श्वार्जनेगर इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं। मामला तब शुरू हुआ जब उन्होंने अपने पति और हॉलीवुड एक्टर क्रिस प्रैट के लिए एक प्यार भरा नोट लिखा। जिसे कैथरीन ने एक मजाक और सम्मान के तौर पर पोस्ट किया था, उसने देखते ही देखते जेंडर रोल्स और महिलाओं की आजादी पर एक बड़ी बहस छेड़ दी। इस पोस्ट ने इंटरनेट यूजर्स को दो गुटों में बांट दिया है।
क्या था कैथरीन का वो पोस्ट?
36 साल की कैथरीन ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें क्रिस प्रैट अपनी बेटियों के लिए लकड़ी का एक डॉलहाउस बनाते दिख रहे हैं। बैकग्राउंड में ‘Man I Need’ गाना चल रहा था। कैथरीन ने कैप्शन में लिखा, ‘मुझे कभी समझ नहीं आता कि जब औरतें कहती हैं कि उन्हें पति की जरूरत नहीं है, तो उनका क्या मतलब होता है। मुझे तो अपने पति की बहुत जरूरत है, क्योंकि हमारी बेटियों के लिए डॉलहाउस और कौन बनाएगा?’
उन्होंने प्यार से क्रिस को गोल्डन रिट्रीवर पति भी कहा, लेकिन कई लोगों को उनका यह अंदाज पसंद नहीं आया।
इसे भी पढ़ें: Robert Downey Jr Birthday Special: जब रॉबर्ट डाउनी जूनियर ने ‘डॉक्टर डूम’ बनकर पलट दी MCU की किस्मत
सोशल मीडिया पर क्यों भड़के लोग?
कई यूजर्स का मानना है कि कैथरीन की बातों से ऐसा लगा जैसे महिलाएं खुद कुछ नहीं कर सकतीं। एक यूजर ने कमेंट किया, ‘तुम खुद इसे बना सकती हो, तुम या तुम्हारी बेटियां बेबस नहीं हो।’ वहीं एक अन्य ने लिखा, ‘आज की औरतें घर खरीद सकती हैं और वोट दे सकती हैं, हम ये छोटे काम भी खुद कर सकती हैं।’ आलोचकों का कहना था कि कैथरीन ने अनजाने में महिलाओं की आत्मनिर्भरता को कम करके दिखाया है।
बचाव में भी उतरे फैंस
हालांकि, हर कोई कैथरीन के खिलाफ नहीं था। कई फॉलोअर्स ने उनका बचाव करते हुए कहा कि शादी एक साझेदारी है और एक-दूसरे की जरूरत होना कोई गलत बात नहीं है। एक यूजर ने लिखा, ‘शादी का मतलब ही साथ मिलकर काम करना है। एक-दूसरे पर निर्भर होना एक हेल्दी रिश्ते की निशानी है।’
कैथरीन पहले भी कई बार कह चुकी हैं कि वे क्रिस के साथ अपनी शादी को लेकर बहुत खुश हैं। उन्होंने एक बार कहा था कि क्रिस मुश्किल समय में भी उन्हें हंसाने की ताकत रखते हैं, जिसके लिए वे हमेशा उनकी शुक्रगुजार रहती हैं।
इसे भी पढ़ें: ‘It Ends with Us’ के डायरेक्टर Justin Baldoni पर Blake Lively के उत्पीड़न के आरोप खारिज, केस का दायरा सीमित हुआ
चर्च में मुलाकात और फिल्मी लव स्टोरी
कैथरीन और क्रिस की प्रेम कहानी किसी फिल्म से कम नहीं है। दोनों की पहली मुलाकात 2018 में एक चर्च में हुई थी। उनका रिश्ता बहुत तेजी से आगे बढ़ा और उसी साल वे पहली बार एक साथ पब्लिक में नजर आए। जनवरी 2019 में क्रिस ने कैथरीन को प्रपोज किया और कुछ ही महीनों बाद कैलिफोर्निया में एक प्राइवेट सेरेमनी में दोनों ने शादी कर ली। आज उनके तीन बच्चे (लाइला, एलोइस और फोर्ड) हैं। क्रिस का अपनी पहली शादी से एक बेटा, जैक भी है।


