पठानकोट में सोता रह गया कश्मीरी ड्राइवर:कैंटर से नकदी और मोबाइल ले उड़े बाइक सवार, राजस्थान के 2 युवकों सहित 3 गिरफ्तार

पठानकोट में सोता रह गया कश्मीरी ड्राइवर:कैंटर से नकदी और मोबाइल ले उड़े बाइक सवार, राजस्थान के 2 युवकों सहित 3 गिरफ्तार

पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे पर स्थित माधोपुर में देर रात राजस्थान के चोरों ने कश्मीरी कैंटर ड्राइवर को निशाना बनाया। राजस्थान के 2 युवकों सहित 3 चोरों ने सो रहे ड्राइवर के पास से नकदी और मोबाइल चुरा लिया और फरार हो गए। ड्राइवर ने समय रहते चोरी कर भाग रहे चोरों की बाइक का नंबर नोट कर पुलिस को दिया।
पुलिस को शिकायत मिली तो चंद घंटों में तीनों युवकों को मोबाइल सहित गिरफ्तार कर लिया गया। श्रीनगर से पोल्ट्री लेने आया था ड्राइवर
शिकायतकर्ता जावेद अहमद नजार (निवासी अनंतनाग, JK) ने बताया कि वह अपने टाटा कैंटर (JK-03-N-6847) में पठानकोट से पोल्ट्री लोड करने के लिए आया था। शनिवार देर रात अचानक मौसम खराब होने और तेज आंधी-बारिश के कारण उसने अपनी गाड़ी माधोपुर में हाईवे पर एक पेट्रोल पंप के पास खड़ी कर दी। जावेद के साथ उसका दोस्त तनवीर भी गाड़ी में मौजूद था।
सुबह 3 बजे दिया वारदात को अंजाम
जावेद अहमद नजार ने बताया कि वह और तनवीर दोनों कैंटर के कैबिन में ही सो गए। करीब सुबह 3 बजे आहट से उसकी आंख खुली तो उसने 2 युवकों को अपनी गाड़ी से नीचे उतरते देखा। जब तक वह कुछ समझ पाता, दोनों युवक बाहर पहले से तैयार खड़ी एक मोटरसाइकिल पर बैठकर फरार हो गए।
हेडलाइट जलाकर नोट किया बाइक का नंबर
जावेद ने बताया कि चोरों का तीसरा साथी पहले से ही बाइक स्टार्ट करके बैठा था। दोनों के कैंटर से उतरते की तीनों बाइक लेकर फरार हो गए। लेकिन उसने तुरंत अपनी गाड़ी की हेडलाइट जलाई और भाग रहे लुटेरों की बाइक का नंबर RJ-49-SK-2700 नोट कर लिया।
लेकिन, वो भागने में सफल रहे। उनके जाने का बाद जांच करने पर पता चला कि चोर गाड़ी के अंदर से सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल और 10 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए हैं।
पुलिस ने आरोपी किए गिरफ्तार
मामले की सूचना मिलते ही थाना सुजानपुर की पुलिस ने नाकाबंदी कर दी। जांच अधिकारी बलदेव सिंह ने बताया कि पीड़ित के बयानों और मोटरसाइकिल नंबर के आधार पर पुलिस ने मुखबिर की खास सूचना पर तीनों आरोपियों को नामजद कर गिरफ्तार कर लिया गया है।
राजस्थान के 2 युवकों सहित 3 गिरफ्तार
सुजानपुर पुलिस ने जावेद अहमद नजार की शिकायत पर राजस्थान हनुमानगढ़ के नुआं गंगामेडी निवासी सरबजीत और सनी के अलावा पठानकोट के ढाकी रोड निवासी बोबी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि सरबजीत और सनी दोनों भाई हैं।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है। ताकि, पता लगाया जा सके कि उन्होंने इलाके में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *