गाजियाबाद में 24 वर्षीय करिश्मा वर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। यह घटना वेव सिटी थाना क्षेत्र की है। शनिवार देर रात करिश्मा ने जहरीला पदार्थ खा लिया था, जिसके बाद परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि एक युवक ने करिश्मा से पैसे दोगुने करने का झांसा देकर करीब 25 लाख रुपये ले लिए थे। यह रकम करिश्मा के पिता ने उसकी शादी के लिए जुटाई थी। परिजनों के अनुसार, आरोपी युवक डेढ़ साल तक पैसे लौटाने में टालमटोल करता रहा और बाद में मुकर गया। परिवार का दावा है कि इस धोखाधड़ी में चार लोग शामिल हैं, जिनमें दो महिलाएं भी बताई जा रही हैं। पैसे वापस न मिलने और कथित धोखाधड़ी के कारण करिश्मा मानसिक तनाव में थी। घटना वाले दिन भी वह काफी परेशान थी। इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। रिपोर्ट में युवती की मौत जहरीले पदार्थ के सेवन से होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने बिसरा सुरक्षित रख लिया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर आगे की फोरेंसिक जांच कराई जा सके। वेव सिटी थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने के बाद नामजद आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए विस्तृत जांच शुरू की जाएगी।


