मुरादाबाद में ACO चकबंदी के दफ्तर में तैनात एक कानूनगो पर कार्यालय में तैनात महिला कर्मचारी से बदसलूकी करने के आरोप लगे हैं। महिला कर्मचारी का आरोप है कि, कानूनगो ने उसे जबरन नए साल की मिठाई खिलाने की कोशिश की। उसने इंकार किया तो अश्लीलता करने लगा। कहने लगा- तू बता तुझे कितने रुपए चाहिए, मेरे साथ चल।
महिला कर्मचारी का आरोप है कि आरोपी कानूनगो ने कार्यालय में उसे बदनीयती से पकड़ा और बदसलूकी की। ऑफिस के बाकी स्टाफ ने किसी तरह उसे बचाया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के समय आरोपी शराब के नशे में धुत था। घटना मुरादाबाद जिले की ठाकुरद्वारा तहसील में स्थित सहायक चकबंदी अधिकारी के कार्यालय की है। होशियार सिंह नाम का एक कानूनगो भी इस कार्यालय में तैनात है। जिस पर कार्यालय की एक महिला कर्मचारी के साथ सरेआम छेड़खानी करने के आरोप लगे हैं। महिला कर्मचारी का आरोप है कि 2 दिसंबर को जब वह ऑफिस आई तो होशियार सिंह नशे की हालत में कार्यालय पहुंचा। उसने अपशब्द बोलते हुए उससे मिठाई खाने को कहा। महिला ने जब इंकार किया तो जबरन उसे पकड़कर उसके मुंह में मिठाई ठूंसने लगा। महिला कर्मचारी का आरोप है कि आरोपी ने उससे कहा कि, तू बता तू कितने रुपए लेगी, मैं दूंगा। पैसे ले और जो मैं कहता हूं वो काम कर। इसके बाद आरोपी जबरन महिला कर्मचारी से अश्लील हरकतें करने लगा। महिला का शोर सुनकर स्टाफ के बाकी लोगों ने कानूनगो होशियार सिंह को महिला कर्मचारी से दूर किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। लेकिन थाने में भी पुलिस मौजूदगी में नशे की हालत में कानूनगो महिला कर्मचारी को पैसे ऑफर करने की बातें कबूल करता रहा।


